Ticker

6/recent/ticker-posts

विधायक श्री पारस जैन ने आवास योजना के हितग्राहियों को द्वितीय किश्त की राशि शीघ्र ही भुगतान होने की जानकारी दी



उज्जैन 13 जून। उज्जैन उत्तर के विधायक श्री पारस जैन ने सभी आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को आश्वस्त किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के द्वितीय किश्त की राशि शीघ्र ही उनके खातों में भुगतान कर दी जायेगी। उल्लेखनीय है कि वर्तमान सरकार द्वारा गरीबों के आशियानों के सपनों को पूर्ण करने हेतु प्रधानमंत्री आवास योजना की द्वितीय किश्त की राशि सम्बन्धित हितग्राहियों के खातों में जमा करने का कार्य पांच दिवस पश्चात प्रारम्भ किया जाना है। विधायक श्री पारस जैन ने बताया कि कतिपय लोगों द्वारा हितग्राहियों को किश्तों की राशि दिलाने हेतु सक्रिय होकर नगर निगम से प्रदाय करने का आश्वासन दिया जा रहा है। श्री जैन ने कहा कि उनका सभी पात्र परिवारों से आग्रह है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी पात्र हितग्राहियों को द्वितीय किश्त का भुगतान शीघ्र ही किया जायेगा एवं इसके लिये किसी प्रकार की राशि किसी भी व्यक्ति या दलाल को देने की आवश्यकता नहीं है। श्री जैन ने बताया कि द्वितीय किश्त के भुगतान हेतु अनावश्यक राशि की जो मांग करता है तो आयुक्त नगर निगम अथवा उनके मोबाइल नम्बर 9425091497 पर सीधे सम्पर्क कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस में भी प्रकरण दर्ज कराया जा सकता है। विधायक श्री जैन ने कहा कि शिकायत का निराकरण शीघ्र ही होगा एवं इस राशि का भुगतान वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचाने में शासन एवं प्रशासन सदैव सक्रिय रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ