खेल के क्षेत्र में उज्जैन को मिलेगी बड़ी सौगात, 7 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होगा सर्व-सुविधायुक्त सिंथेटिक ट्रेक स्टेडियम, 3 अगस्त को होगा भूमि पूजन, अगले 3 दिन तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे, मंत्री डॉ.यादव ने खेल विकास समिति की बैठक में कहा




उज्जैन 30 जुलाई। शुक्रवार को प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव खेल विकास समिति उज्जैन और जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की बैठक में शामिल हुए। मंत्री डॉ.यादव ने बैठक में कहा कि खेल के क्षेत्र में आने वाले समय में उज्जैन को बड़ी सौगात मिलने वाली है। उज्जैन के खिलाड़ियों के लिये खेल जगत में नया सवेरा होने वाला है। शीघ्र ही शहर के नानाखेड़ा में सात करोड़ रुपये की लागत से स्व.राजमाता सिंधिया स्टेडियम का निर्माण किया जायेगा। इस स्टेडियम में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का सर्व-सुविधायुक्त सिंथेटिक ट्रेक एथलीट्स के लिये निर्मित किया जायेगा। अन्य सुविधाएं भी खिलाड़ियों को स्टेडियम में उपलब्ध कराई जायेंगी।


मंत्री डॉ.यादव ने कहा कि उज्जैन की जनता के लिये यह बड़े हर्ष और गौरव का विषय है। हम सभी का सौभाग्य है कि मध्य प्रदेश सरकार द्वारा उज्जैन को यह सौगात दी जा रही है। पूरे मध्य प्रदेश में भोपाल के बाद उज्जैन में सिंथेटिक ट्रेक वाला स्टेडियम बनाया जायेगा। इससे खेल जगत से जुड़े लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। इस स्टेडियम का भूमि पूजन आगामी 3 अगस्त को आयोजित किया जायेगा। भोपाल से जनप्रतिनिधिगण वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़ेंगे तथा उज्जैन में मंत्री डॉ.यादव भूमि पूजन कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इस दौरान शहर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधिगण और अन्य राजनैतिक दलों के जनप्रतिनिधिगणों को भी कार्यक्रम में शामिल होने की अपील मंत्री डॉ.यादव द्वारा की गई है।


बैठक में मंत्री डॉ.यादव ने कहा कि शहर को बहुत बड़ी सौगात और उपलब्धी मिलने वाली है। इस हेतु अगले तीन दिनों तक अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम निर्माण के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे, ताकि आमजन अधिक से अधिक कार्यक्रम से जुड़ सकें। मंत्री डॉ.यादव ने कहा कि कार्यक्रमों की कड़ी में शनिवार 31 जुलाई को शाम 7 बजे व्यायामशाला में मलखंब का आयोजन किया जायेगा। इसके संयोजक श्री गोपाल व्यास और श्री अजय विपट होंगे।


शनिवार को ही डाबरी अखाड़ा में सुन्दरकाण्ड का पाठ किया जायेगा। रविवार एक अगस्त को शाम 4.30 बजे से टॉवर चौक पर महिला खिलाड़ियों द्वारा सेल्फ डिफेंस का प्रदर्शन सुश्री करूणा शितोले के मार्गदर्शन में किया जायेगा। इसके पश्चात कराटे संघ के श्री सुनील सोनी के द्वारा खिलाड़ियों के माध्यम से कराटे का प्रदर्शन किया जायेगा। सोमवार 2 अगस्त को प्रात: 10 बजे नानाखेड़ा स्टेडियम से शहीद पार्क तक सायकल और वाहन रैली निकाली जायेगी। रैली के प्रभारी श्री शाकिब कुरैशी और श्री सुरेन्द्र यादव होंगे।


इसके बाद मंगलवार 3 अगस्त को महानन्दा स्पोर्ट्स एरिना से नानाखेड़ा स्टेडियम तक शहर के एथलीट्स के द्वारा दोपहर में मशाल रैली निकाली जायेगी। इसके संयोजक जिला एथलीट्स एसोसिएशन के सचिव श्री अब्दुल वहाब कुरैशी होंगे।


बैठक में जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ.सनवर पटेल, डॉ.शरद नागर, श्री संजय कोरट, फारूख पहलवान, श्री उमेशसिंह ठाकुर, श्री दीपक जैन, श्री मोहन बमोरे तथा विभिन्न खेल संघों के अध्यक्ष मौजूद थे। जिला खेल समिति के सदस्यों द्वारा मंत्री डॉ.यादव के मध्य प्रदेश ओलम्पिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष निर्वाचित होने पर उन्हें बधाई दी गई। बैठक में आने वाले समय में उज्जैन में विभिन्न खेलों का विकास किस प्रकार किया जाये, इस पर भी चर्चा की गई।


मंत्री डॉ.यादव ने बैठक में बताया कि सर्वसुविधायुक्त नानाखेड़ा स्टेडियम लगभग 20 बीघा क्षेत्र में बनाया जायेगा। यहां सिंथेटिक ट्रेक तो होगा ही साथ ही अन्य प्रकार के खेल भी आयोजित किये जा सकेंगे। इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया के माध्यम से किया जाये। गौरतलब है कि स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रेक के अलावा फुटबाल ग्राउण्ड, लॉन टेनिस कोर्ट तथा मलखंब अकादमी आवासीय परिसर के साथ निर्मित की जायेगी।


मंत्री डॉ.यादव ने जानकारी दी कि विक्रम विश्वविद्यालय में इसी वर्ष से शारीरिक शिक्षा कोर्स भी प्रारम्भ होगा। विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न खेल मैदानों का विकास किया जायेगा। महानन्दा नगर, क्षीर सागर स्टेडियम का भी विकास किया जायेगा। साथ ही निजी महाविद्यालयों के संचालकों को भी निर्देश दिये जायेंगे कि वे अपने महाविद्यालय के खेल मैदानों को अपडेट करें। मैदानों में सभी प्रकार की खेल-उपयुक्त सुविधाएं दी जायेंगी। शहर में खेल के विकास के लिये उचित माहौल बनाया जायेगा।


बैठक में जानकारी दी गई कि अगले तीन दिन तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किये जायेंगे। खेल मैदान और एथलीट्स के वीडियो भी बनाये जायेंगे। ‘हैश टैग खेलो उज्जैन - बनाओ स्टेडियम’, ‘बनेगा स्टेडियम दौड़ेगा उज्जैन’ को ट्रेंड करवाया जायेगा। आने वाले समय में अन्तर्राष्ट्रीय एवेंट्स इस स्टेडियम में आयोजित किये जायेंगे। स्टेडियम के भूमि पूजन कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिये शहर के विभिन्न स्थानों पर पोस्टर-बैनर लगाये जायेंगे, ताकि शहर की जनता भावनात्मक रूप से कार्यक्रम से जुड़ सके।


मंत्री डॉ.यादव ने भविष्य में निर्मित होने वाले अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम के लिये शहरवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि इससे शहर के खिलाड़ियों को एक नई ऊर्जा मिलेगी। मंगलवार 3 अगस्त को शाम 4 बजे नानाखेड़ा स्टेडियम का भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। मंत्री डॉ.यादव ने अपील की है कि अगले तीन दिनों तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में विभिन्न राजनैतिक दलों के स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और अन्य गणमान्य नागरिक शामिल हों।


क्रमांक 2328​​     अनिकेत/जोशी