मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उज्जैन के पंवासा निवासी पप्पू गोयल से ऑनलाइन चर्चा की
उज्जैन 28 अगस्त। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अन्तर्गत हितग्राहियों को पक्के मकान बनाने हेतु राशि सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के खंडवा जिले से ऑनलाइन हितग्राहियों से चर्चा की। उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री पारस जैन आदि जनप्रतिनिधि और कलेक्टर श्री आशीष सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के नवीन आवास में हितग्राही श्री पप्पू गोयल एवं परिवार को पंवासा में गृह प्रवेश कराया। इस दौरान शनिवार 28 अगस्त को 1239 हितग्राहियों को 1121.50 लाख रुपये की राशि अन्तरित की गई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उज्जैन शहर के मक्सी रोड स्थित पंवासा निवासी श्री पप्पू गोयल से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने पक्के मकान के बारे में ऑनलाइन चर्चा की। उन्होंने हितग्राही पप्पू गोयल की धर्मपत्नी श्रीमती डिंपल एवं उनके दो बच्चे शिवम एवं लकी से भी ऑनलाइन चर्चा की। हितग्राही श्री गोयल ने मुख्यमंत्री को साधुवाद देते हुए निवेदन किया कि वे जब भी उज्जैन आयें तो उनके नवीन मकान में भोजन करने जरूर आयें। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि वे उनके निवास स्थान पर आयेंगे। मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन चर्चा के दौरान हितग्राही दम्पत्ति से पूछा कि उन्हें और शासन की किस योजना का लाभ मिल रहा है। दम्पत्ति ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को अवगत कराया कि उन्हें संबल योजना के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है। साथ ही आयुष्मान कार्ड भी बना लिया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी हितग्राही संवाद के नवीन आवासों का गृह प्रवेश नगर निगम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री पारस जैन, सर्वश्री श्रीराम तिवारी, संजय अग्रवाल, आनन्दसिंह खिची, पर्वतसिंह जाट, अंबरीश तिवारी, सुरेंद्र यादव, कलेक्टर श्री आशीष सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल आदि उपस्थित थे। इस अवसर पर ऑनलाइन चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में सामाजिक न्याय दिलाना सरकार का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने ऑनलाइन के जरिये प्रदेश के उज्जैन, अलीराजपुर, निवाड़ी, सागर, भोपाल जिले के हितग्राहियों से चर्चा की।
क्रमांक 2629 उज्जैनिया/जोशी





0 टिप्पणियाँ