विशेष कार्यशाला का आयोजन 7 सितम्बर को होगा



उज्जैन 03 सितम्बर। स्कूल शिक्षा विभाग के अधीन कार्यालयों से सेवा निवृत्त हो रहे शैक्षणिक संवर्ग (व्याख्याता, सहायक शिक्षक, प्रयोगशाला सहायक, प्रधानाध्यापक) के सेवा निवृत्त होने पर अर्जित अवकाश नगदीकरण से सम्बन्धित देयकों पर विश्रामावकाश नियमों के अनुरूप पात्र अर्जित अवकाश दिवसों की गणना न करते हुए त्रुटिपूर्ण देयक कोषालय में प्रस्तुत किये जा रहे हैं। इस सम्बन्ध में कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिले के समस्त विकास खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि शैक्षणिक संवर्गों के सेवा निवृत्ति पर देय अर्जित अवकाश नगदीकरण के प्रकरणों में विश्रामावकाश नियमों के सम्यक क्रियान्वयन को दृष्टिगत रखते हुए कोषालय द्वारा लेखा प्रशिक्षण शाला में 7 सितम्बर को अपराह्न 3.30 बजे विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें अपने कार्यालयीन लेखापाल की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाये।


वरिष्ठ कोषालय अधिकारी श्री डीके चौरसिया ने यह जानकारी देते हुए बताया कि विशेष कार्यशाला में उच्च शिक्षा विभाग के अन्तर्गत कॉलेजों जैसे इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलीटेक्निक कॉलेज, धन्वंतरि आयुर्वेद कॉलेज के लेखापालों को भी अनिवार्य रूप से उपस्थित होने हेतु कहा है। अधिक जानकारी के लिये वरिष्ठ कोषालय अधिकारी के कार्यालयीन दूरभाष क्रमांक 0734-2513098 पर सम्पर्क कर सकते हैं।


क्रमांक 2678      उज्जैनिया/जोशी