Ticker

6/recent/ticker-posts

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.यादव एवं सांसद श्री फिरोजिया ने शहर में लिंक रोड और ब्रिज निर्माण की भावी योजनाओं की समीक्षा की

 उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.यादव एवं सांसद श्री फिरोजिया ने शहर में लिंक रोड और ब्रिज निर्माण की भावी योजनाओं की समीक्षा की




 उज्जैन 12 मार्च। शनिवार को प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव, सांसद श्री अनिल फिरोजिया और विधायक श्री पारस जैन ने उज्जैन शहर में आने वाले समय में निर्मित की जाने वाली लिंक रोड और ब्रिज की भावी परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर श्री आशीष सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री अंशुल गुप्ता एवं अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।


 बैठक में मंत्री डॉ.यादव ने कहा कि आगर रोड फोरलेन का निर्माण वर्तमान में किया जा रहा है। उसे शहर की नगर निगम सीमा के अन्तर्गत आने वाले क्षेत्र से जोड़ा जाये। इसी प्रकार देवास रोड स्थित अभिलाषा कॉलोनी के पास से फोरलेन बनाया जायेगा। भविष्य में इसे हरिफाटक पुल के नीचे से लाकर लालपुल होते हुए मुल्लापुरा तक ले जाये जाने हेतु परियोजना बनाई जाये। भविष्य में इसे धरमबड़ला तक ले जाया जायेगा।


 साथ ही भविष्य में दो ब्रिज भी बनाया जाना है। व्यवस्था कुछ इस प्रकार की जाये, ताकि शहर में निवासरत लोग और बाहर से उज्जैन आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में भविष्य में बनाये जाने वाले अण्डरपास ब्रिज पर भी चर्चा की गई। गदा पुलिया के पास बनाये जाने वाले नये ब्रिज की परियोजना पर काम करने के निर्देश दिये गये। लालपुर अण्डर ब्रिज की योजना भी काफी समय से लम्बित है। उसे शीघ्र अतिशीघ्र परियोजना बनाकर प्रारम्भ किया जाये।


 सांसद ने ग्रामीण क्षेत्रों में बनाई जाने वाली सेतु परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों से ली। रूपाखेड़ी में बनाये जाने वाले ब्रिज को बारिश के पहले पूर्ण करवाने के निर्देश दिये गये। सान्दीपनि आश्रम से मकोड़ियाआम तक रोड बनाये जाने के बारे में विधायक श्री जैन ने कहा। साथ ही मणिपार्क कॉलोनी में सामुदायिक भवन शीघ्र-अतिशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये गये। देवासगेट स्थित नगर निगम की पुरानी लॉज को तोड़कर वहां नवीन कार्य योजना बनाये जाने पर चर्चा की गई। जीरो पाइंट से उद्योगपुरी तक जाने हेतु रोड बनाये जाने पर चर्चा की गई।


 विधायक श्री जैन ने कहा कि कानीपुरा रोड स्थित शासकीय कन्या उमावि के समीप नई बाउंड्री वाल बनवाई जाये। शासकीय जीवाजीगंज अस्पताल को तोड़कर नवीन भवन बनाया जाये। मंत्री डॉ.यादव ने कहा कि शनि मन्दिर त्रिवेणी से तपोभूमि तक सर्विस रोड बनाई जाये। दशहरा मैदान स्टेडियम के विकास के तहत मैदान में कैम्पस बनाया जाये।


 मंत्री डॉ.यादव ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिये कि निगम द्वारा शहर में मोबाइल कोर्ट संचालित किये जायें और उनके द्वारा चालानी कार्यवाही कर अतिक्रमण हटाये जायें। फव्वारा चौक पर सार्वजनिक शौचालय बनवाया जाये। सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने कहा कि महामृत्युंजय द्वार के समीप स्थित कई कॉलोनियों में बारिश का पानी भर जाता है, जिससे स्थानीय निवासियों को काफी समस्या होती है। इस समस्या का शीघ्र-अतिशीघ्र समाधान किया जाये।         


क्रमांक 0701               अनिकेत/जोशी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ