कलेक्टर द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई
उज्जैन 31 मई। कलेक्टर श्री आशीष सिंह द्वारा मंगलवार को बृहस्पति भवन के सभाकक्ष में विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई। उज्जैन निवासी श्वेता भाटिया पति स्व.रवीन्द्र भाटिया ने आवेदन दिया कि उनकी कमला नेहरू मार्ग शहीद पार्क पर एक छोटी-सी दुकान है, जिससे उनका जीवन यापन हो रहा है। उनके पति का स्वर्गवास हो गया है और परिवार में कमाने वाला अन्य कोई सदस्य नहीं है। उनकी दुकान के आसपास अन्य दुकानदारों ने पोर्च में अतिक्रमण कर लिया है, जिस वजह से उनकी दुकान ग्राहकों को दिखाई नहीं देती है। जब प्रार्थिया अन्य दुकानदारों को सामान हटाने के लिये कहती है तो उनके द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। इस प्रकार उक्त दुकानदार उन्हें आर्थिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। इस पर एसडीओ राजस्व कोठी महल को मामले की जांच कर सम्बन्धित के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
बेगमपुरा उज्जैन निवासी सुनीता नामदेव पति मुकुल नामदेव ने आवेदन दिया कि वे उक्त मोहल्ले में उनके काका ससुर के मकान में रह रहे हैं। उनके काका ससुर द्वारा मकान में बिजली का कनेक्शन बिना बताये काट दिया गया है, जिस वजह से उन्हें काफी परेशानी हो रही है, अत: उक्त मकान में बिजली का अलग से कनेक्शन लगवाया जाये। इस पर सहायक यंत्री एमपीईबी मक्सी रोड को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
महिदपुर के ग्राम कुवाड़िया निवासी संतोषबाई पति स्व.चंदरसिंह ने आवेदन दिया कि उनके पति की मृत्यु पिछले साल घर आते समय लाल पुल ब्रिज पर ट्रक से दुर्घटना से हो गई थी। उनके पति की मृत्यु के बाद घर में कमाने वाला कोई नहीं है। प्रार्थिया के बच्चे छोटे हैं और अभी वे बाहर जाकर कोई कार्य करने में समर्थ नहीं हैं। इसीलिये उन्हें शासन की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाये। उनका पंजीयन संबल योजना के अन्तर्गत किया जा चुका है। इस पर सीईओ जनपद पंचायत महिदपुर को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
नीलगंगा शान्ति नगर निवासी शारदाबाई पति मनसुखलाल ने आवेदन दिया कि वे चेरिटेबल अस्पताल में नौकरी करती थी तथा उनके द्वारा भविष्य निधि कार्यालय में राशि प्राप्त करने के लिये आवेदन दिया गया था। आधार कार्ड में पति का नाम गलत होने पर उनकी राशि को रोक लिया गया है। जब उन्होंने कार्यालय में सम्पर्क किया तो उन्हें शपथ पत्र बनवाकर लाने के लिये कहा गया। उन्होंने शपथ-पत्र भी जमा कर दिया है। इसके बावजूद भविष्य निधि कार्यालय द्वारा उनके शपथ-पत्र को स्वीकार नहीं किया जा रहा है। प्रार्थिया ने कहा कि वे अस्वस्थ हैं तथा उन्हें रुपयों की आवश्यकता है। अत: उन्हें शीघ्र-अतिशीघ्र राशि दिलवाई जाये। इस पर सहायक श्रमायुक्त को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
मगरमुहा निवासी नितीन सोनी पिता स्व.जुगलकिशोर ने आवेदन दिया कि उनके पिता विधि विभाग में कार्यरत थे तथा उनका कोरोनाकाल में निधन हो गया है। उनके परिवार में आय का कोई साधन नहीं है। वर्तमान में वे और उनकी माता दोनों महाकाल अन्नक्षेत्र में कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें उसका भुगतान नहीं दिया जा रहा है। साथ ही अन्य किसी प्रकार का मानदेय उन्हें प्राप्त नहीं हो रहा है। अत: उन्हें महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति द्वारा किसी पद पर नियुक्त किया जाये। इस पर प्रशासक महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
इसी प्रकार अपर कलेक्टर श्री अवि प्रसाद, एडीएम श्री संतोष टैगोर और अन्य अधिकारियों द्वारा दूसरे प्रकरणों में जनसुनवाई की गई।
क्रमांक 1493 अनिकेत/जोशी

0 टिप्पणियाँ