सभी नोडल अधिकारी चुनावी आचार संहिता का अक्षरश: पालन करें-कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी
उज्जैन 31 मई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशीष सिंह ने आज त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे निर्वाचन आयोग द्वारा दिये गये निर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता का अक्षरश: पालन करें। श्री सिंह ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे पूर्व से ही चले आ रहे अत्यन्त आवश्यक सेवाओं वाले कार्यों को करें, लेकिन यह ध्यान रखें कि इससे आदर्श आचारण संहिता का उल्लंघन न हो। नये हितग्राहीमूलक योजनाएं को अमल में न लायें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पंचायत निर्वाचन के दौरान यदि लोगों से कोई शिकायत प्राप्त होती है तो उसका जवाब समय-सीमा में देना सुनिश्चित करें। कोई भी शिकायत पेंडिंग न रहे। सम्पत्ति विरूपण के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में यदि सार्वजनिक भवनों या दीवारों पर सरपंच, पंच या अन्य राजनैतिक व्यक्ति जो चुनाव से सम्बन्धित है, उसका नाम अंकित है तो उसे प्राथमिकता से हटाया जाये। उन्होंने बताया कि निजी भवनों पर भी उक्त व्यवस्था लागू रहेगी।
श्री सिंह ने कहा कि पहले से ही यदि कोई योजनाएं चल रही है और उसमें हितग्राही चिन्हित है तो उनके लाभ वितरण करने में कोई समस्या नहीं आनी चाहिये। उन्होंने नये हितग्राहियों के पात्रता पर्ची न बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से यह शिकायत प्राप्त न हो कि जो हितग्राही पूर्व से ही पात्र हैं उन्हें अपात्र घोषित कर दिया हो। उन्होंने मतदान केन्द्रों एवं मतगणना स्थल पर सभी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिये और कहा कि असमय बारिश का प्रभाव मतदान केन्द्रों या मतगणना स्थल पर न हो, इसके लिये पूर्व से ही तैयारी सुनिश्चित कर लें। आवश्यकता पड़ने पर अन्य मतदान केन्द्र या मतगणना स्थल का चयन करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के सम्बन्ध में जुलूस, रेस्ट हाऊस का उपयोग, वाहनों का उपयोग, स्टार प्रचारकों, राजनैतिक दलों के कार्यालय, पर्चे, बैनरों और पोस्टरों के मुद्रण, मीडिया के सम्बन्ध में दिशा-निर्देश, मतदाता का परिवहन आदि से सम्बन्धित निर्देश दिये। उन्होंने निर्वाचन नामावली एवं अधिसूचना व नाम निर्देशन पत्र के सम्बन्ध में भी विस्तार से जानकारी दी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वोटर स्लीप का काम भी महत्वपूर्ण है। वोटर स्लीप का वितरण शासकीय कर्मचारी ही करेगा और वोटर स्लीप समयावधि में बांट दी जायेगी। यदि वोटर स्लीप बच जाती है तो उसका भी रिकार्ड मेंटेन किया जायेगा। उन्होंने मतपत्र एवं ईवीएम से सम्बन्धित निर्देश भी दिये।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री अंकिता धाकरे, जिले के सभी अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी एवं निर्वाचन कार्य में नियुक्त सभी नोडल अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक 1485 रश्मि देशमुख/जोशी


0 टिप्पणियाँ