Ticker

6/recent/ticker-posts

गर्भवती महिलाओं का पोर्टल पर 90 प्रतिशत रजिस्ट्रेशन नहीं होगा तब तक जिले के सभी बीएमओ एवं सीएमएचओ का वेतन आहरित नहीं होगा, कलेक्टर ने दिये निर्देश

 गर्भवती महिलाओं का पोर्टल पर 90 प्रतिशत रजिस्ट्रेशन नहीं होगा तब तक जिले के सभी बीएमओ एवं सीएमएचओ का वेतन आहरित नहीं होगा, कलेक्टर ने दिये निर्देश



उज्जैन 17 फरवरी। गर्भवती महिलाओं का विभिन्न विकास खण्डों में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में आई गिरावट पर कलेक्टर ने सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिये हैं कि जब तक जिले में गर्भवती महिलाओं का 90 प्रतिशत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं हो जाता तब तक जिले के सभी विकास खण्ड चिकित्सा अधिकारियों एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी का वेतन आहरित नहीं किया जाये। कलेक्टर ने आज स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में उक्त निर्देश दिये। कलेक्टर ने साथ ही तराना तहसील के ग्राम रूपाखेड़ी में नर्स की नियुक्ति करने तथा कायथा एवं खेड़ाखजुरिया में नये प्रसव केन्द्र बनाने के बारे में प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अंकित अस्थाना, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.महावीर खंडेलवाल एवं जिले के सभी विकास खण्ड चिकित्सा अधिकारी मौजूद थे।


बैठक में अनमोल पोर्टल पर बच्चों के रजिस्ट्रेशन की समीक्षा भी की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में 47360 संस्थागत प्रसव का लक्ष्य निर्धारित है, जिसमें से 19623 शासकीय चिकित्सालयों एवं 5802 निजी चिकित्सालयों में संस्थागत प्रसव हुए हैं। बैठक में बताया गया कि 15 फरवरी से जिले में दस्तक अभियान प्रारम्भ हो रहा है। इसी तरह आयुष्मान योजना की समीक्षा भी बैठक में की गई तथा निर्देश दिये गये कि शासकीय चिकित्सालयों का विभिन्न पैकेज में रजिस्ट्रेशन किया जाना चाहिये, जिससे इन संस्थाओं को योजनाओं का लाभ मिल सके। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में अब तक पांच लाख 67 हजार आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं।


कोविड टीकाकरण की समीक्षा की


बैठक में कोविड टीकाकरण की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिये हैं कि फ्रंटलाइन वॉरियर्स में से सभी अधिकारी-कर्मचारियों को समय पर सूचना दी जाये एवं उनका टीकाकरण किया जाये। बैठक में बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग के 12629 कर्मचारियों में से 11182 अधिकारी-कर्मचारियों का टीकाकरण हो चुका है। यह कुल लक्ष्य का 88.54 है। इसी तरह फ्रंटलाइन वर्कर्स में 6743 लोगों का टीकाकरण हुआ है, जबकि लक्ष्य 11856 व्यक्तियों का है। कलेक्टर ने लक्ष्य के अनुरूप टीकाकरण कार्य पूर्ण करने तथा जो टीका नहीं लगवा रहे हैं, उन्हें पुन: टीकाकरण के लिये सूचित करने को कहा है। कलेक्टर ने फ्रंटलाइन वर्कर्स में नगर निगम एवं नगरीय निकायों के कितने कर्मचारियों द्वारा टीकाकरण करवाया गया है एवं कितनों ने नहीं करवाया है, इसकी जानकारी प्रस्तुत करने को कहा है।


क्रमांक 0525     एचएस शर्मा/जोशी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ