Ticker

6/recent/ticker-posts

आयुर्वेद के विकास के लिये डाक्यूमेंटेशन कर जन-उपयोगी, बातों का प्रचार-प्रसार करें -प्रमुख सचिव श्रीमती देशमुख

 आयुर्वेद के विकास के लिये डाक्यूमेंटेशन कर जन-उपयोगी, बातों का प्रचार-प्रसार करें -प्रमुख सचिव श्रीमती देशमुख




उज्जैन 28 फरवरी। शासकीय धन्वंतरि आयुर्वेद चिकित्सा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ.जेपी चौरसिया ने जानकारी दी कि गत दिवस आयुष विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती करलिन खोंगवार देशमुख द्वारा धन्वंतरि आयुर्वेद महाविद्यालय का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अनौपचारिक चर्चा में उन्होंने कहा कि आयुर्वेद के विकास के लिये डाक्यूमेंटेशन कर आम जनता के स्वास्थ्य से सम्बन्धित जन-उपयोगी बातों का प्रचार-प्रसार किया जाये और भारतीय संस्कृति की धरोहर आयुर्वेद का संरक्षण एवं संवर्धन किया जाये। प्रमुख सचिव ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान आयुष चिकित्सकों ने चिकित्सा सेवा कर समाज में जो अच्छी छवि बनाई है, उसके लिये वे बधाई के पात्र हैं। आगे भी इसे निरन्तर बनाये रखें।


चिकित्सालय में भ्रमण के दौरान अधीक्षक डॉ.ओपी शर्मा, आरएमओ डॉ.हेमन्त मालवीय आदि उपस्थित थे। प्रमुख सचिव द्वारा सभी विशेषज्ञताओं की ओपीडी, पैथालॉजी लेब, एक्स-रे, ईसीजी इकाई, पंचकर्म के सभी विभाग, स्वस्थ वृत्त एवं योग, चर्म रोग इकाई, ऑपरेशन थिएटर, स्त्री रोग एवं शिशु रोग चिकित्सा, प्रसव इकाई, नवजात शिशु इकाई, टीकाकरण, कुपोषण, स्वर्ण प्राशन आदि इकाईयों का निरीक्षण कर चिकित्सा कार्यों की सराहना की गई। इस दौरान महाविद्यालय में उन्होंने वनौषधि उद्यान, फार्मेसी, कॉन्फ्रेंस हाल तथा सभी 14 विभागों का अवलोकन किया। प्रमुख सचिव ने छात्र-छात्राओं से चर्चा करते हुए उनकी छात्रावास की मांग को शीघ्र पूर्ण कराने के लिये आश्वस्त किया।


इस दौरान डॉ.ओपी व्यास, डॉ.सतुआ, डॉ.वेदप्रकाश व्यास, डॉ.अजय कीर्ति जैन, डॉ.नृपेन्द्र मिश्र, संभागीय आयुष अधिकारी डॉ.प्रदीप कटियार, जिला आयुष अधिकारी डॉ.मनीषा पाठक सहित पूरा स्टाफ मौजूद था।


क्रमांक 0669        अनिकेत/जोशी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ