कलेक्टर ने अधिकारियों को उपार्जन कार्य सम्बन्धी दायित्व सौंपे
उज्जैन 05 अप्रैल। कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने उपार्जन केन्द्रों पर समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, खरीदी, बारदाना, परिवहन, भण्डारण, भुगतान, एसीनोट, डब्ल्यूएचआर केन्द्रों पर पंजीकृत किसानों से एसएमएस से ही एफएक्यू स्कंद की खरीदी, खरीदी केन्द्रों पर समस्त प्रकार की समस्याओं व अव्यवस्थाओं का त्वरित निराकरण करने तथा गेहूं, चना, मसूर, सरसों के उपार्जन के सुचारू संचालन, पर्यवेक्षण आदि के लिये अधिकारियों को उपार्जन कार्य सम्बन्धी दायित्व सौंपे जाने के आदेश जारी कर दिये हैं।
आदेश के तहत उपार्जन के नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर श्री अवि प्रसाद होंगे। जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री मोहन मारू को सहायक नोडल अधिकारी तथा गेहूं उपार्जन के समस्त कार्य का दायित्व सौंपा गया है। उप संचालक कृषि श्री सीएल केवड़ा सहायक नोडल अधिकारी चना, मसूर, सरसों उपार्जन के समस्त कार्य, गेहूं उपार्जन में निर्धारित एफपीओ खरीदी केन्द्रों का पर्यवेक्षण एवं जिला समिति से समन्वय करेंगे।
उपायुक्त सहकारिता श्री ओपी गुप्ता को उपार्जन केन्द्रों पर मानव एवं भौतिक संसाधनों की समुचित व्यवस्था, एसएमएस शेड्यूलिंग, उपार्जित स्कंद का सुरक्षित भण्डारण, परिवहन हेतु ट्रक लोड करवाना, किसानों का भुगतान, समिति द्वारा एफएक्यू स्कंद का उपार्जन, जिला स्तरीय कंट्रोल का संचालन, शिकायतों का त्वरित निराकरण एवं रिपोर्टिंग, केन्द्रों पर कोविड गाईड लाइन का पालन इत्यादि समस्त कार्यों का पर्यवेक्षण सौंपा गया है।
महाप्रबंधक सीसीबी बैंक श्री विशेष श्रीवास्तव को बैंक खाता संशोधन, डीसीसीबी वेरिफिकेशन, जेआईटी भुगतान, समितियों एवं ब्रांच में पर्याप्त करंसी की व्यवस्था, बारदानों का रखरखाव, केन्द्रों पर समय पर संसाधनों की आपूर्ति, नान एफएक्यू स्कंद का अपग्रेडेशन, केन्द्रों पर अव्यवस्था एवं सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का यथासमय निराकरण इत्यादि समस्त कार्यों का पर्यवेक्षण सौंपा गया है।
जिला प्रबंधक नान श्री आर पोरवाल को नोडल खरीदी एजेन्सी के समस्त कार्य, केन्द्रों पर 10 दिन का अग्रिम बारदाना की आपूर्ति, 72 घंटे में उपार्जित स्कंद का परिवहन एवं केन्द्रवार प्रतिदिन की उपार्जन क्षमता अनुसार ट्रक वाहन लगवाना, त्वरित परिवहन, परिवहन भण्डारण की मेपिंग, जिला उपार्जन समिति को प्रस्तुत करना एवं अनुमोदन उपरान्त तदनुसार पोर्टल पर मेपिंग, टीओ जारी करना एवं परिवहन करना इत्यादि समस्त कार्यों का पर्यवेक्षण तथा तुलाई, भराई, अनलोडिंग का भुगतान आदि कार्य सौंपे गये हैं।
जिला विपणन अधिकारी श्री अंकित तिवारी को चना, मसूर, सरसों नोडल एजेन्सी के समस्त कार्य, बारदाना व्यवस्था, दलहन खरीदी, उपार्जन, परिवहन, भण्डारण, स्वीकृति पत्रक, किसानों एवं समितियों के समस्त प्रकार के भुगतान इत्यादि की समस्त कार्यवाही तथा विगत वर्षों 2019-20, 2020-21 के गेहूं एवं दलहन उपार्जन के लम्बित समस्त प्रकार के देयकों का त्वरित निराकरण एवं भुगतान करवाने का दायित्व सौंपा गया है।
जिला प्रबंधक वेयर हाऊस श्री मनीष वर्मा को गोदाम स्तरीय केन्द्रों पर समुचित व्यवस्था, जेवीएस गोदाम खरीदी केन्द्रों की समस्त व्यवस्था, समस्त अनुबंधित गोदामों पर सीसी कैमरा, आगजनी सुरक्षा हेतु पर्याप्त फायर फाइटर, रेत की बाल्टियां, भण्डारण नीति अनुसार रिक्त एवं पात्र गोदामों की सूची समय-समय पर जिला समिति को प्रस्तुत करना, परिवहन भण्डारण कार्य योजना तैयार करना, जमा स्कंध का वैज्ञानिक भण्डारण, उचित रखरखाव इत्यादि कार्य सौंपे गये हैं।
समस्त एसडीएम राजस्व को उपार्जन, परिवहन, भण्डारण का सघन एवं सतत पर्यवेक्षण, केन्द्रों पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति एवं प्रतिदिन केन्द्रों पर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करना, कानून व्यवस्था, जिला उपार्जन समिति को समय-समय पर प्रतिवेदन एवं ऐसे विवादों/प्रकरणों को प्रेषित करना जिनका निराकरण जिला समिति या उच्च स्तर से किया जाना हो आदि अन्य कार्य सौंपे गये हैं।
लीड बैंक प्रबंधक को किसानों को भुगतान हेतु समस्त बैंकों एवं उनकी शाखाओं में पर्याप्त करंसी/तरलता की समुचित व्यवस्था करने और बैंक शाखाओं में किसानों को समय पर भुगतान करवाने का दायित्व सौंपा गया है।
डीआईओ एनआईसी श्री धर्मेन्द्र यादव को तकनीकी दल द्वारा समस्त प्रकार की तकनीकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करवाने का दायित्व सौंपा गया है।
सचिव नोडल मंडी श्री अश्विनी सिन्हा को शासन के निर्देश अनुसार मंडियों में किसानों के बैठने, छाया, टेन्ट, पानी एवं रियायती दर पर भोजन इत्यादि की व्यवस्था, मंडियों में गेहूं दलहन के घोष विक्रय, खरीदी किसानों को भुगतान की सघन मॉनीटरिंग करने, मंडियों में स्थापित गेहूं दलहन खरीदी केन्द्रों पर छाया, टेन्ट, पानी, जनरेटर इत्यादि की समुचित व्यवस्था करने का दायित्व सौंपा गया है।
परियोजना अधिकारी एनआरएलएम श्री चन्द्रभान सिंह और जिला प्रबंधक कौशल एनआरएलएम श्रीमती छाया भार्गव को गेहूं उपार्जन में निर्धारित महिला स्व-सहायता समूह खरीदी केन्द्रों का पर्यवेक्षण एवं जिला समिति से समन्वय एवं समूहों को समस्त आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का दायित्व सौंपा गया है।
कलेक्टर ने उपरोक्तानुसार अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि उन्हें सौंपे
गये दायित्व का निर्वहन पूरी गंभीरता और तत्परता से करें तथा समय-समय पर कलेक्टर एवं जिला उपार्जन समिति को प्रतिवेदन प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
क्रमांक 1142 अनिकेत/जोशी

0 टिप्पणियाँ