मंत्री डॉ.यादव ने अंबर कॉलोनी में मोबाइल रक्तदान वेन का अवलोकन किया
उज्जैन 17 मई। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने सोमवार को वार्ड-35 अंबर कॉलोनी में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मप्र के अन्तर्गत संचालित ब्लड कलेक्शन एण्ड ट्रांसपोर्टेशन वेन का अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि स्थानीय कालू यादव मित्र मण्डली द्वारा वार्ड में रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मोबाइल वेन में ही अत्याधुनिक सुविधाओं के माध्यम से रक्तदान स्थानीय निवासियों द्वारा किया गया। मोबाइल वेन उक्त वार्ड में दोपहर 2 बजे तक रही, जिस दौरान श्री कालू यादव एवं अन्य 15 निवासियों द्वारा वेन में पहुंचकर रक्तदान किया गया।
वेन में मौजूद चिकित्सकों द्वारा रक्तदान के लिये आने वाले लोगों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की गई। इस दौरान रक्तदान से जुड़े नियमों के तहत लोगों से जानकारी प्राप्त कर रक्तदान करवाया गया। मंत्री डॉ.यादव ने रक्तदान कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ी मानव सेवा है। रक्तदान वर्तमान में समसामयिक है। कई रोगियों को रक्त की आवश्यकता पड़ रही है। कोविड संक्रमण के दौरान हम सभी को एक-दूसरे की सहायता करने की आवश्यकता है। ऐसे में सभी किसी न किसी तरह समाजसेवा के कार्य से जुड़ रहे हैं। यह प्रशंसा का विषय है। मंत्री डॉ.यादव ने स्थानीय निवासियों को शुभकामनाएं दी। इस दौरान श्री महेश मौर्य, स्थानीय पार्षद एवं अन्य निवासी मौजूद थे।
क्रमांक 1550 अनिकेत/जोशी



0 टिप्पणियाँ