Ticker

6/recent/ticker-posts

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.यादव की अध्यक्षता में पूर्व छात्र नेता सम्मेलन आयोजित

 उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.यादव की अध्यक्षता में पूर्व छात्र नेता सम्मेलन आयोजित





 उज्जैन 29 अगस्त। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव की अध्यक्षता में शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय के सभाकक्ष में रविवार को विक्रम विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता सम्मेलन आयोजित किया गया। मंत्री डॉ.यादव ने इस अवसर पर कहा कि सम्मेलन आयोजन का उद्देश्य यह था कि विश्वविद्यालय के तहत विभिन्न महाविद्यालयों में बीते सालों में रहे छात्र नेताओं के अनुभव और आने वाले समय में विश्वविद्यालय तथा महाविद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता के विकास और अधोसंरचना विकास पर चर्चा की जाये।


 मंत्री डॉ.यादव ने कहा कि विक्रम विश्वविद्यालय में कृषि संकाय के अतिरिक्त अन्य 44 कोर्सेस शीघ्र ही प्रारम्भ किये जायेंगे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.अर्पण भारद्वाज द्वारा महाविद्यालय में प्रवेश और निर्माण तथा विकास कार्यों की जानकारी पॉवर पाइन्ट प्रजेंटेशन के माध्यम से सभी को दी गई। इस दौरान 86 लाख रुपये की लागत से बनाये गये 20 सीटर गोपाल माता कन्या छात्रावास, राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रुसा) के अन्तर्गत 200 लाख रुपये की लागत से पूर्ण कार्य और जनभागीदारी से किये जा रहे विकास कार्य, शासकीय कालिदास कन्या अग्रणी महाविद्यालय में विश्व बैंक अन्तर्गत स्वीकृत परियोजनाएं, रुसा अन्तर्गत निर्माण कार्य और अकादमिक कार्य, शासकीय माधव कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में स्वीकृत परियोजनाएं तथा शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय दशहरा मैदान के अन्तर्गत स्वीकृत परियोजनाएं और विक्रम विश्वविद्यालय में अकादमिक संरचना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।


 बताया गया कि आने वाले समय में माधव विज्ञान महाविद्यालय के परिसर में प्रदेश का सबसे बड़ा ऑडिटोरियम बनाया जायेगा। मंत्री डॉ.यादव ने कहा कि उज्जैन का धार्मिक महत्व तो है ही लेकिन साथ ही इसे विज्ञान में भी विकसित किया जायेगा। आने वाले समय में यहां के महाविद्यालय माधव कॉलेज और जीडीसी एक्सीलेंस की श्रेणी में लाये जायेंगे। पूरे उज्जैन में उच्च शिक्षा के लिये एक अच्छा वातावरण निर्मित किया जायेगा। विद्यार्थियों को पढ़ाई में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं आयेगी। प्राचीन समय में शिक्षा के क्षेत्र में उज्जैन को जो गौरव प्राप्त था, उसे पुन: स्थापित किया जायेगा। शैक्षणिक विकास के साथ अन्य विकास भी किये जायेंगे। चारों तरफ फोरलेन बनाये जायेंगे, ताकि अन्य शहरों से उज्जैन की कनेक्टिविटी बढ़ाई जा सके।


 सम्मेलन में श्री जगदीश अग्रवाल, श्री ओम जैन, श्री सुरेंद्र सिंह, श्री राजेन्द्र भारती, श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, श्री विवेक जोशी और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे। पूर्व छात्र नेताओं द्वारा शहर के शैक्षणिक विकास और अधोसंरचना विकास के बारे में महत्वपूर्ण सुझाव दिये गये।


क्रमांक 2636        अनिकेत/जोशी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ