Ticker

6/recent/ticker-posts

इतिहास में पहली बार नये स्वरूप में महाकाल वन निखरेगा-उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.यादव, प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में कई शहरों में अदभुत कार्य हो रहे हैं-सांसद श्री फिरोजिया, महाकाल वन क्षेत्र का विस्तारीकरण अदभुत, जनता याद रखेगी-विधायक श्री जैन, जनप्रतिनिधियों ने महाकाल वन प्रोजेक्ट के किये जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया

 इतिहास में पहली बार नये स्वरूप में महाकाल वन निखरेगा-उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.यादव, प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में कई शहरों में अदभुत कार्य हो रहे हैं-सांसद श्री फिरोजिया, महाकाल वन क्षेत्र का विस्तारीकरण अदभुत, जनता याद रखेगी-विधायक श्री जैन, जनप्रतिनिधियों ने महाकाल वन प्रोजेक्ट के किये जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया







    उज्जैन 31 अक्टूबर। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव, सांसद श्री अनिल फिरोजिया, विधायक श्री पारस जैन ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ रविवार को प्रात: स्मार्ट सिटी योजना अन्तर्गत महाकाल वन क्षेत्र में हो रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर सम्बन्धितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि महाकाल वन क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों में उज्जैन के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख भी किया जाये। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ज्ञानवर्धन के लिये भगवान महाकाल की प्रतिमाओं के साथ-साथ मां हरसिद्धि शक्तिपीठ, राजा विक्रमादित्य आदि की प्रतिमाएं लगाई जायें। दर्शन के लिये आने वाले वृद्धजनों का भी विशेष ध्यान रखा जाना चाहिये। महाकाल मन्दिर आदि पर्वों के लिये योजनाबद्ध तरीके से सर्वसुविधायुक्त श्रद्धालुओं के लिये कार्य किये जायें। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने चल रहे निर्माण कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि भगवान महाकाल के दर्शन हेतु वृद्धजनों की सुविधा के लिये इलेक्ट्रीक वाहन चलाये जायेंगे। स्मार्ट सिटी के तहत महाकाल वन प्रोजेक्ट के अन्तर्गत रामघाट का सौंदर्यीकरण कार्य और बम्बई धर्मशाला के पास के स्थानों का भी अधिग्रहण किया जायेगा।


 उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान कहा कि भगवान महाकाल की नगरी में महाकाल मन्दिर के आसपास स्मार्ट सिटी योजना के अन्तर्गत किये जा रहे भव्य पैमाने पर विस्तारीकरण कार्य हो रहे हैं, वह अदभुत और इतिहास में पहली बार महाकाल वन क्षेत्र नये स्वरूप में देखने को मिलेगा। उज्जयिनी का इतिहास गौरवशाली रहा है। इसी तारतम्य में स्मार्ट सिटी के तहत किये जाने वाले कार्य हमेशा याद रखे जायेंगे और बाहर से आने वाले श्रद्धालु भी दर्शन के साथ-साथ किये गये कार्यों से रूबरू होंगे। विकास के कार्य शहर में निरन्तर चलने वाली प्रक्रिया है। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि श्रेष्ठ निर्माण कार्यों के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिये धूप, बरसात की भी योजना बनाई जाये। श्रद्धालुओं की भीड़ को डायवर्ट करने के लिये भी योजना बनाई जाकर काम किया जाये।


 निरीक्षण के दौरान उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत महाकाल वन का विकास कार्य तेजी से चल रहा है, वह प्रशंसनीय है। जो भी कार्य हो रहे हैं, सदैव याद रखे जाने लायक हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक सुझाव के साथ-साथ निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के कई शहरों में विकास के कार्य किये जा रहे हैं। चाहे धार्मिक क्षेत्र वाराणसी के काशी विश्वनाथजी का मन्दिर हो या उज्जैन के भगवान महाकाल मन्दिर के विस्तारीकरण का कार्य हो। सब जगह अदभुत कार्य हो रहे हैं। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिये कि फव्वारा चौक, गोपाल मन्दिर, फ्रीगंज, टॉवर आदि बड़े स्थानों पर आमजन हेतु सुलभ शौचालय का निर्माण भी कराया जाये, ताकि माता-बहनों को कठिनाई न हो।


 विधायक श्री पारस जैन ने भी निरीक्षण के दौरान अदभुत किये जा रहे कार्यों की तारीफ करते हुए कहा कि शीघ्र आने वाले समय में महाकाल वन क्षेत्र एक अलग स्वरूप में दिखाई देगा। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व में दिये गये निर्देशों के तहत महाकाल वन का विस्तारीकरण हो रहा है। कमाल का विकास उज्जैन में हो रहा है। महाकाल मन्दिर परिसर से लेकर आसपास के क्षेत्र रूद्र सागर, चारधाम मन्दिर, त्रिवेणी संग्रहालय के आसपास बड़े स्तर पर निर्माण कार्य कर भगवान महाकाल के मन्दिर को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। शहर में चौड़े रोड हों, ताकि आवागमन की सुविधा आमजन को प्राप्त हो सके। उज्जैन का कायाकल्प हो, यही हमारा प्रयास है। विधायक श्री पारस जैन ने सुझाव दिया कि महाकाल वन के निर्माण कार्यों का अवलोकन शहर के इतिहासकार, विद्वतजनों से कराया जाये, ताकि उनके विचारों का भी प्रचार-प्रसार किया जा सके।


 निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि भगवान महाकाल की भव्य प्रतिमाओं का मुंह बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के निर्गम मार्ग की ओर रखा जाये, ताकि दर्शनार्थियों को भगवान महाकाल की प्रतिमा का चेहरा दिखाई दे। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सर्वप्रथम त्रिवेणी संग्रहालय के समीप बनने वाले पार्किंग स्थल निर्माण एवं आदि निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। निरीक्षण के बाद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भगवान महाकाल के दर्शन किये।


 इस अवसर पर निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों के अलावा मप्र जनअभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री विभाष उपाध्याय, कलेक्टर श्री आशीष सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री अंशुल गुप्ता, एडीएम श्री संतोष टैगोर, यूडीए सीईओ श्री एसएस रावत, स्मार्ट सिटी सीईओ सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित थे।


क्रमांक 3369       उज्जैनिया/जोशी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ