नगरीय निकायों के आम निर्वाचन के कार्यक्रम की घोषणा, नाम निर्देशन पत्र 11 जून से प्राप्त किये जायेंगे
उज्जैन 02 जून। मप्र राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकायों के आम निर्वाचन के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन और नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की तिथि शनिवार 11 जून से प्रात: 10.30 बजे से रहेगी। स्थानों के आरक्षण के सम्बन्ध में सूचना का प्रकाशन एवं मतदान केन्द्रों की सूची का प्रकाशन शनिवार 11 जून को प्रात: 10.30 बजे से किया जायेगा। नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अन्तिम तिथि 18 जून रहेगी। नाम निर्देशन पत्रों की जांच सोमवार 20 जून को की जायेगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अन्तिम तिथि बुधवार 22 जून रहेगी। निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर और निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन अभ्यर्थिता से नाम वापसी के ठीक बाद बुधवार 22 जून को किये जायेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नगरीय निकायों का आम निर्वाचन दो चरणों में होगा। प्रथम चरण का मतदान 6 जुलाई और द्वितीय चरण का मतदान 13 जुलाई को होंगे। इन दोनों चरणों में मतदान प्रात: 7 बजे से अपराह्न 5 बजे तक होगा। प्रथम चरण के मतदान की मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा रविवार 17 जुलाई और द्वितीय चरण के मतदान की मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा सोमवार 18 जुलाई को प्रात: 9 बजे से होगी।
प्रथम चरण में नगर पालिक निगम उज्जैन एवं नगर पालिका परिषद बड़नगर का मतदान होगा। इसी तरह द्वितीय चरण में नगर पालिका परिषद महिदपुर, खाचरौद, नागदा, नगर परिषद तराना, माकड़ोन एवं उन्हेल का मतदान होगा। उल्लेखनीय है कि उज्जैन नगर पालिक निगम में 54 वार्ड, नगर पालिका परिषद बड़नगर में 18 वार्ड, महिदपुर में 18, खाचरौद में 21, नागदा में 36, नगर परिषद तराना, माकड़ोन, उन्हेल में 15-15 वार्डों में मतदान होगा। मतदान प्रथम चरण का 6 जुलाई और द्वितीय चरण का मतदान 13 जुलाई को प्रात: 7 से शाम 5 बजे तक होगा।
क्रमांक 1508 उज्जैनिया/जोशी

0 टिप्पणियाँ