Ticker

6/recent/ticker-posts

एडीएम द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई

 एडीएम द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई



 उज्जैन 07 जून। मंगलवार को एडीएम श्री संतोष टैगोर द्वारा बृहस्पति भवन के सभाकक्ष में विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई। मुंजाखेड़ी निवासी ईश्वर पिता मोड़ीराम ने आवेदन दिया कि गांव में स्थित उनके स्वामित्व की कृषि भूमि पर पड़ौस के कृषकगण द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है। अत: उनकी भूमि का पुन: सीमांकन करवाया जाये। इस पर एसडीओ राजस्व उज्जैन ग्रामीण को कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।


 उज्जैन के ग्राम लिंबापिपल्या निवासी सुभाषचंद्र शर्मा ने आवेदन दिया कि उनके गांव में स्थित शासकीय रास्ते को कुछ लोगों द्वारा जेसीबी से गड्ढा खोदकर अवरूद्ध कर दिया गया है। इस पर तहसीलदार उज्जैन को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।


 ग्राम सेमदिया निवासी आत्माराम पिता सिद्धूजी ने आवेदन दिया कि गांव में स्थित उनके स्वामित्व की भूमि के ऊपर से हाई वोल्टेज विद्युत तार जा रहा है, जिस वजह से उन्हें जमीन पर भवन निर्माण कार्य में बहुत परेशानी हो रही है। अत: उनकी भूमि के ऊपर से जा रहे तार को हटवाया जाये। इस पर एमपीईबी के सहायक यंत्री को मौके पर जाकर निरीक्षण करने के उपरांत आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।


 मोजमखेड़ी निवासी मेहरबान चौधरी पिता किशन चौधरी ने आवेदन दिया कि उनके स्वामित्व और आधिपत्य की कृषि भूमि कालभैरव मन्दिर के समीप स्थित है। विगत दिनों प्रशासन द्वारा उक्त भूमि का अधिग्रहण कर लिया गया है। आवेदक ने कहा कि उक्त भूमि में से कुछ भाग प्रशासन द्वारा लिया जाकर उन्हें मुआवजा दिया जाये और लगभग आधा बीघा जमीन उनके जीविकोपार्जन के लिये छोड़ी जाये। इस पर एसडीओ राजस्व को प्रकरण की जांच करने के निर्देश दिये गये।


 खाचरौद निवासी राजूबाई पति मोहनलाल सोलंकी ने आवेदन दिया कि उनके पति लोक निर्माण विभाग में कार्यरत थे तथा उनका निधन हो चुका है। निधन के पश्चात उन्हें परिवार पेंशन प्रदाय की जा रही थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से उनका पेंशन खाता बन्द कर दिया गया है। इस वजह से उन्हें परिवार के पालन-पोषण में बहुत परेशानी आ रही है। इस पर ईई पीडब्ल्यूडी को उचित कार्यवाही करने के लिये कहा गया।


 ग्राम निपानिया गोयल तहसील घट्टिया निवासी राधेश्याम पिता अंबाराम ने आवेदन दिया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र होने के बावजूद अब तक अनुदान राशि प्रदाय नहीं की गई है। इस पर सीईओ जनपद पंचायत घट्टिया को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।


 ग्राम मायाखेड़ी तहसील माकड़ोन निवासी हरिनारायण पिता रमेशचंद्र शर्मा ने आवेदन दिया कि गांव में ट्रांसफार्मर और केबल जली होने से विद्युत व्यवस्था सुचारू रूप से नहीं चल पा रही है। गांव में कभी बिजली रहती है तो कभी दो-तीन दिन तक बिजली नहीं आती। इस वजह से ग्रामीणजनों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अत: बिजली की व्यवस्था को शीघ्र-अतिशीघ्र बहाल किया जाये। इस पर अधीक्षण यंत्री एमपीईबी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।


 ग्राम ढाबलावेणी तहसील महिदपुर निवासी नानूराम पिता रामाजी ने आवेदन दिया कि उन्हें मप्र शासन द्वारा कृषि भूमि शासकीय पट्टे पर प्रदान की गई थी। इस पर गांव के कुछ लोगों द्वारा जबरन बलपूर्वक कब्जा कर लिया गया है। अत: उन्हें कृषि कार्य करने के लिये उक्त भूमि पर कब्जा दिलवाया जाये। इस पर एसडीओ राजस्व महिदपुर को मामले की जांच करने के निर्देश दिये गये।


 इसी प्रकार अन्य मामलों में एडीएम और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जनसुनवाई की गई। 


क्रमांक 1557        अनिकेत/जोशी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ