तौलकांटे का वेरिफिकेशन न होना तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न कराने के कारण तौलकांटे को जप्त कर सील किया
उज्जैन 08 अप्रैल। नापतौल विधिक माप विज्ञान की निरीक्षक श्रीमती दीपशिखा नागले ने जानकारी दी कि उज्जैन तहसील के ग्राम चंदूखेड़ी स्थित सांवरिया तौलकांटे में 190 किलोग्राम गड़बड़ी करने की शिकायत नलवा सोसायटी द्वारा की गई थी। इस पर नापतौल विभाग की टीम शिकायत की जाँच हेतु श्री साँवरिया तौलकाँटे पर उपस्थित हुई तो पाया कि तौलकांटे पर समर्थन मूल्य की खरीदी के गेहूं का तौल किया जा रहा है। नापतौल विभाग की टीम द्वारा जांच में पाया गया कि तौलकांटा विगत दो वर्षों से बिना वेरिफिकेशन किये चलाया जा रहा था तथा तौलकांटे की स्थिति भी ठीक नहीं है एवं तौलकांटे के संचालन के आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं पाये जाने के कारण तौलकांटे को जप्त कर सील किया गया।
इसी प्रकार घट्टिया तहसील के पानबिहार की सेवा सहकारी संस्था के निरीक्षण में पाया गया कि संस्था द्वारा तौल में किसानों से 500 ग्राम से लेकर एक किलो तक उपज अधिक तौलकर ली जा रही थी। पूर्व में खरीदकर गेहूं से भरी बोरियों का पुन: तौल करने पर कुछ बोरियों में आधा किलो से 800 ग्राम तक उपज अधिक लिया जाना पाया गया। अत: नापतौल विभाग की टीम ने संस्था से अधिक वजन की दो गेहूं की बोरियां जप्त की और शेष गेहूं की बोरियों को संस्था को वापस किया गया। नापतौल विभाग की जांच दल की टीम में श्री संजय पाटनकर एवं श्रम सहायक श्री बलदेव प्रसाद उपस्थित थे।
क्रमांक 1187 अनिकेत/राजेश


0 टिप्पणियाँ