Ticker

6/recent/ticker-posts

नरेगा से देश में पहली बार निर्मित हो रहे हैं अनाज भण्‍डारण के लिए पक्‍के चबूतरे, जिलों को 65 करोड़ 50 लाख रूपये जारी

 नरेगा से देश में पहली बार निर्मित हो रहे हैं अनाज भण्‍डारण के लिए पक्‍के चबूतरे, जिलों को 65 करोड़ 50 लाख रूपये जारी



 उज्जैन 07 अप्रैल। खरीदी केन्‍द्रों पर अनाज की सुरक्षा एवं भण्‍डारण के मकसद से पक्‍का चबूतरा (CAP) का निर्माण देश में पहली बार महात्‍मा गांधी नरेगा से किया जा रहा है। मध्‍यप्रदेश में खरीद समिति द्वारा चिन्हित केन्‍द्रों में पक्‍के चबूतरे के निर्माण के लिए जिलों को 65 करोड़ 50 लाख रूपये की राशि मनरेगा से जारी की गई है। अभी तक 564 चबूतरों का निर्माण कर 6 लाख 94 हजार 500 मैट्रिक टन क्षमता का अनाज सुरक्षित रखा जा रहा है, वहीं 675 कार्य प्रगतिरत हैं। चबूतरा निर्माण कार्य में 8 करोड़ 60 लाख रूपए की मजदूरी का भुगतान ग्रामीणों को किया गया है, वहीं सामग्री पर 44 करोड़ रूपए का व्‍यय किया गया है। राज्‍य शासन का निरंतर प्रयास है कि अनाज का एक भी दाना असमय बारिश से खराब नहीं हो। 


 खरीदी केन्‍द्रों में मनरेगा अंतर्गत पक्‍का चबूतरा निर्माण होने से खरीदे गए अनाज को असमय बारिश से होने वाले नुकसान से सुरक्षा मिलेगी। ग्राम पंचायत की भूमि पर तय खरीदी केन्‍द्रो में चबूतरा निर्माण होने से खाद्यान उपार्जन समिति द्वारा चबूतरे के मासिक किराए का भुगतान ग्राम पंचायत को किया जाएगा। इस प्रकार मनरेगा के तहत स्‍थाई परिसम्‍पत्‍ती के निर्माण के साथ ही ग्राम पंचायत की आमदनी बढ़ेगी।


 उल्‍लेखनीय है कि मनरेगा अंतर्गत पूर्व से स्वीकृत कार्यों में देश में पहली बार अनाज भण्डारण के लिए संरचना निर्माण का प्रावधान किया गया है। राज्‍य में मार्कफेड द्वारा सुझाए गए डिजाईन के आधार पर चबूतरे का निर्माण मनरेगा से किया जा रहा है। 


क्रमांक 1168     एचएस शर्मा/जोशी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ