21 जून से टीकाकरण का महाअभियान शुरू होगा, टीकाकरण महाअभियान में सभी नागरिकों की भागीदारी अनिवार्य, मुख्यमंत्री श्री चौहान ने धर्मगुरूओं, समाजसेवियों एवं अन्य प्रतिष्ठित लोगों से की अपील
उज्जैन 19 जून। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आगामी 21 जून से पूरे प्रदेश में प्रात: 10 बजे से टीकाकरण का महाअभियान शुरू किया जायेगा। इसके लिये प्रदेश में सात हजार टीकाकरण केन्द्र बनाये गये हैं। सभी लोगों का टीकाकरण नि:शुल्क किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने टीकाकरण महाअभियान में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने टीकाकरण महाअभियान में धर्मगुरूओं, समाजसेवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों आदि से प्रेरक के रूप में कार्य करने की अपील की और कहा कि ये सभी गणमान्य नागरिक जनता के बीच जाकर टीकाकरण का महत्व समझायें। टीकाकरण केन्द्र में मौजूद रहकर लोगों को टीका लगवाने के लिये प्रेरित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि टीकाकरण महाअभियान में मंत्रीगण, सांसद एवं विधायकगण भी अपना सहयोग प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में टीकाकरण कराने से बड़ा कोई अभियान नहीं है और यह अभियान पुण्य का काम है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि टीकाकरण अभियान सफल अभियान साबित होगा और यह अभियान अन्य प्रदेशों के लिये एक आदर्श एवं मार्गदर्शक का कार्य करेगा। मुख्यमंत्री आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी को सम्बोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण पूरी तरह नियंत्रण में है। कल मात्र 110 केस सामने आये। कुछ जिलों में दो से तीन केस सामने आ रहे हैं, लेकिन इन सब से हमें चैन से नहीं बैठना है, क्योंकि विशेषज्ञों का कहना है कि जल्द ही तीसरी लहर सामने आयेगी। अत: हम सबको लगातार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अनिवार्य रूप से करना होगा। मास्क लगाना होगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अमले को अभी से ताकिद कर दी गई है कि वे प्रतिदिन 75 हजार से 80 हजार तक के कोरोना के सेम्पल लें। यदि एक या दो घर में भी कोरोना संक्रमण पाया जाता है तो वहां माइक्रो कंटेनमेंट बनाये जायें। 21 जून को टीकाकरण महाअभियान प्रारम्भ हो रहा है। प्रदेश के सात हजार टीकाकरण केन्द्र बनाये गये हैं और प्रत्येक केन्द्र में एक व्यक्ति प्रेरक का काम करेगा। प्रदेश शासन ने तय कर लिया है कि अक्टूबर माह तक अधिकांश आबादी का टीकाकरण कर दिया जायेगा। उन्होंने सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिये कि टीकाकरण अभियान आनन्द के भाव से प्रारम्भ किया जाये। सभी गणमान्य व्यक्ति अपने को एक प्रेरक के रूप में प्रस्तुत करें। गणमान्य नागरिक आम जनता से टीकाकरण करने की अपील करें और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर जारी करें। आगामी दो दिन के अन्दर पूरे प्रदेश में टीकाकरण के लिये एक वातावरण बना दिया जाये। टीकाकरण केन्द्र को रंगोली और गुब्बारों से सजाया जाये, ताकि समस्त नागरिकों को वेक्सीनेशन का सुखद अनुभव प्राप्त हो सके। टीकाकरण केन्द्र में पेयजल की व्यवस्था भी रहे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि टीका का डोज बेकार न जाये। एक भी टीका बर्बाद न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाये। उन्होंने कहा कि क्राइसिस कमेटी के सदस्य गांव-गांव टीकाकरण के लिये जागरूकता का प्रचार करेंगे। गांव के कोटवार ढोंडी पिटकर लोगों को टीकाकरण केन्द्र में आने के लिये समझाईश देंगे।
टीकाकरण केन्द्रों पर होर्डिग्स एवं फ्लेक्स के माध्यम से टीकाकरण महाअभियान का प्रचार-प्रसार किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन वेक्सीन प्रेरकों का चयन करेगा। टीकाकरण केन्द्र पर नागरिकों को संकल्प भी दिलाया जायेगा। सेल्फी पाइंट बनाया जायेगा, जहां टीका लगवाने वाले अपनी सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया में अपलोड कर सकेंगे।
वीसी के दौरान जिले के एनआईसी कक्ष में जनअभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री विभाष उपाध्याय, कलेक्टर श्री आशीष सिंह एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
क्रमांक 1867 रश्मि देशमुख/जोशी

0 टिप्पणियाँ