उज्जैन के सभी जनपद में विशेष टीकाकरण शिविर लगाये जाएंगे, दिव्यांगजन योजनाओं के लाभ से न छूटें, आयुक्त निःशक्तजन द्वारा सामाजिक न्याय एवं निशक्तजन कल्याण कार्यालय में विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई
उज्जैन 31 जुलाई । प्रदेश के नि:शक्तजन आयुक्त श्री संदीप रजक ने शनिवार को उज्जैन जिले का भ्रमण किया। उन्होंने विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को दिए जाने वाले लाभ/सहायता की जानकारी ली।
आयुक्त श्री रजक ने उज्जैन के सभी छह जनपद में दिव्यांगजनो हेतु विशेष टीकाकरण शिविर लगाने के लिए कहा । उन्होंने आगामी अगस्त माह में घटिया जनपद में पहला शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय विभाग की योजनाओं में कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए मैदानी अमला पूरी सजगता से कार्य करे। यदि योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई कठिनाई आ रही है तो उसका भी निराकरण किया जाए।
बैठक में श्री रजक ने दिव्यांगजनों को मिलने वाले लाभों की भी गहनता से समीक्षा की। साथ ही कहा कि सभी दिव्यांगों के यूडीआईडी कार्ड आवश्यक रूप से तैयार किए जाएं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की योजनांतर्गत यूडीआईडी कार्ड बनाए जा रहे हैं, इसमें दिव्यांगजन की समुचित जानकारी समाहित होती है। भविष्य में शासन की समस्त योजनाओं का लाभ दिव्यांग जनों को यूडीआईडी कार्ड के माध्यम से ही दिया जाएगा, इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि प्रत्येक दिव्यांगजन का यूडीआईडी कार्ड बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जिले में नि:शक्त कल्याण शिविर आयोजित कर पात्र दिव्यांगों को आवश्यक सहयोगी उपकरण एवं अन्य योजनाओं का लाभ भी सुनिश्चित किया जाए।
आयुक्त ने कहा कि सामाजिक न्याय विभाग की योजनाओं से जुड़े अधिकारी विभाग की प्रत्येक योजना के क्रियान्वयन के प्रति गंभीर रहें। बैठक में संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय एवं निशक्तजन कल्याण श्री सी.एल. पंथारी, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.केसी परमार, श्री घनश्याम भारती प्रभारी अधीक्षक मानसिक रूप से अविकसित संस्था उज्जैन एवं जिला विकलांग पुनर्वास केंद्र उज्जैन से श्री सुनील खुराना प्रशासनिक अधिकारी एवम् जिला उज्जैन अंतर्गत अशासकीय संस्थाओं के संचालक, सक्षम संस्था के प्रांत अध्यक्ष श्री अरुण शर्मा सहित सभी पदाधिकारी शामिल हुए। आयुक्त श्री रजक ने सभी पदाधिकारियों के साथ में जिला विकलांग पुनर्वास केंद्र उज्जैन का निरीक्षण किया। साथ ही जिला विकलांग पुनर्वास केंद्र के निर्माणाधीन नवीन भवन का भी निरीक्षण किया।
क्रमांक 2334 एचएस शर्मा

0 टिप्पणियाँ