Ticker

6/recent/ticker-posts

कलेक्टर द्वारा विभिन्न आवेदनों पर जनसुनवाई की गई

 कलेक्टर द्वारा विभिन्न आवेदनों पर जनसुनवाई की गई



 उज्जैन 12 अक्टूबर। मंगलवार को कलेक्टर श्री आशीष सिंह, एडीएम श्री संतोष टैगोर और सीईओ जिला पंचायत सुश्री अंकिता धाकरे द्वारा विभिन्न आवेदनों पर जनसुनवाई करते हुए सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को मामलों का निराकरण करने के निर्देश दिये गये।


 खाचरौद के ग्राम झिरमिरा निवासी भारत कुमार पिता मोहनसिंह ने आवेदन दिया कि गांव में स्थित उनके स्वामित्व की भूमि पर खड़ी फसल पर एक अन्य व्यक्ति द्वारा ट्रेक्टर ट्रॉली निकालकर फसल नष्ट करने और जबर्दस्ती रास्ता बनाने का प्रयास किया गया है, जिस वजह से उन्हें काफी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। इस पर एसडीएम खाचरौद को मामले की जांच कर कार्यवाही करने के लिये कहा गया।


 उज्जैन के ग्राम पिपल्याराघौ निवासी मनीष पाटीदार पिता मदनलाल पाटीदार ने आवेदन दिया कि उन्हें सन 2019 में खरीफ की फसल खराब होने पर करवाये गये बीमे की राशि आज दिनांक तक प्राप्त नहीं हुई है। इस पर जीएम सीसीबी को मामले की जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।


 शहर के कहारवाड़ी निवासी सुरजीतकौर पति रामसिंह ने आवेदन दिया कि कहारवाड़ी में उनके स्वामित्व के मकान पर बने आवागमन मार्ग को पड़ौस में रहने वाले व्यक्ति द्वारा तीन फीट संकरा कर दिया गया है तथा उन्हें अनाावश्यक परेशान किया जा रहा है। साथ ही अभद्र व्यवहार कर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। इस वजह से प्रार्थिया को अपने घर में आने-जाने में काफी असुविधा भी हो रही है। इस पर आयुक्त नगर पालिक निगम को उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।


 ग्राम पिपल्याराघौ निवासी दिनेश पाटीदार पिता बालाराम पाटीदार ने आवेदन दिया कि उनके घर के सामने लोक निर्माण विभाग द्वारा नाली का निर्माण सही तरीके से नहीं किया गया है। इस वजह से उनके घर में बारिश और गन्दा पानी बार-बार आ जाता है। इस वजह से उन्हें बहुत असुविधा हो रही है। इस पर कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग को उचित कार्यवाही करने के लिये कहा गया।


 तराना के ग्राम ढाबलाहर्दू निवासी रमेशचन्द्र पिता कालूराम ने आवेदन दिया कि गांव के कुछ निवासियों द्वारा शासकीय आम रास्ते पर अतिक्रमण कर उसे अवरूद्ध कर दिया गया है, जिस वजह से गांव के लोगों को अपने खेतों पर जाने में काफी असुविधा हो रही है। अत: उक्त रास्ते से अतिक्रमण हटाया जाये। इस पर एसडीएम तराना को प्रकरण की जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।


 घट्टिया के ग्राम बोरखेड़ा भल्ला निवासी रतनलाल पिता दूलाजी ने आवेदन दिया कि उनकी माता वर्ष 2015 से लकवाग्रस्त थी तथा विगत जून माह में उनकी मृत्यु हो चुकी है। उनकी माता के नाम से बड़नगर के ग्राम दंगवाड़ा में एक कच्चा पक्का-सा मकान स्थित है। आवेदक को उक्त मकान के स्वामित्व हेतु वारिस प्रमाण-पत्र बनवा कर दिया जाये। इस पर सीईओ जिला पंचायत को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।


 इसी प्रकार अन्य मामलों में कलेक्टर एवं अन्य अधिकारियों द्वारा जनसुनवाई कर निराकरण के निर्देश दिये गये।


क्रमांक 3119        अनिकेत/जोशी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ