जिले में यूरिया का वितरण पारदर्शी तरीके से हो, कलेक्टर ने अधिकारियों की बैठक में दिये निर्देश, सोसायटी के बाहर यूरिया की बोरी के रेट प्रदर्शित करने के निर्देश, यूरिया के अधिक दाम लेने वालों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज होगी, जिले में यूरिया की कमी नहीं, 3700 मैट्रिक टन यूरिया आया
उज्जैन 24 नवम्बर। कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने आज जिले में यूरिया वितरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये हैं कि जिले के दो रेक पाइंट से प्राप्त 3700 मैट्रिक टन यूरिया के वितरण की व्यवस्था पारदर्शी तरीके से की जाये। वितरण व्यवस्था पर नजर रखने के लिये सभी सहकारी समितियों की मॉनीटरिंग करने के निर्देश उपायुक्त सहकारिता को देते हुए उन्होंने कहा है कि नेशनल फर्टिलाइजर कंपनी के प्रतिनिधि भी ट्रांसपोर्टर पर कड़ी नजर रखें, जिससे वितरण में कोई गड़बड़ी न हो। शेड्यूल के अनुसार ही सोसायटियों पर यूरिया उतरे, इसकी मॉनीटरिंग करने के निर्देश जिला विपणन अधिकारी को दिये गये हैं। बैठक में एडीएम श्री संतोष टैगोर, उपायुक्त सहकारिता श्री ओपी गुप्ता, उप संचालक कृषि श्री आरपीएस नायक, जिला विपणन अधिकारी श्री विवेक तिवारी एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर ने बैठक में एनएफएल, इफ्को एवं कृभको के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया है कि वे होलसेल डीलर्स को यूरिया प्रदान करने के बाद रिटेलर द्वारा मूल्य नियंत्रण रखा जा रहा है या नहीं, इस पर भी नजर रखें। कलेक्टर ने उप संचालक कृषि एवं जिला विपणन अधिकारी को जिले के सभी रिटेलर्स की जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिये तथा निर्देशित किया कि दुकानों एवं सोसायटी पर विक्रेता द्वारा यूरिया की बोरी के रेट प्रदर्शित किये जायें। यूरिया के अधिक दाम लेने वालों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करने के लिये कहा गया है। साथ ही उन्होंने कहा है कि रेक पाइंट से चौबीस घंटे में वितरित किये जाने वाले यूरिया किन-किन सोसायटियों को प्रदाय किया गया है, इसकी भी जानकारी प्रतिदिन भेजी जाये। कलेक्टर ने उप संचालक कृषि को यूरिया के अधिक दाम लेने वाले रिटेलर्स के विरूद्ध अभियान चलाकर जांच करने एवं दोषी पाये जाने पर एफआईआर कराये जाने के निर्देश दिये हैं।
बैठक में जिला विपणन अधिकारी श्री विवेक तिवारी ने जानकारी दी कि विगत एक सितम्बर 2021 से 22 नवम्बर 2021 तक जिले में कुल 13775 मैट्रिक टन यूरिया समितियों के माध्यम से कृषकों को वितरित किया जा चुका है। साथ ही विगत 22 नवम्बर एवं 23 नवम्बर को जिले के रेक पाइंट पर प्राप्त यूरिया में से कुल 3700 मैट्रिक टन यूरिया का वितरण उज्जैन जिले में समितियों के माध्यम से कराया जा रहा है। जिले में यूरिया पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है एवं यूरिया की आपूर्ति निरन्तर होती रहेगी।
क्रमांक 3616 एचएस शर्मा/जोशी
0 टिप्पणियाँ