कलेक्टर ने विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की
उज्जैन 30 नवम्बर। कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने मंगलवार को बृहस्पति भवन में विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की। शास्त्री नगर निवासी संतोषबाई योगी पति स्व.विश्वनाथ योगी ने आवेदन देकर शिकायत की कि उनकी दुकान पर तथाकथित लोगों द्वारा सारा सामान चोरी कर दुकान पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। उन्होंने महाकाल थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पूर्व में तहसीलदार के द्वारा मौका मुआयना करने के बावजूद उन्हें उनकी दुकान पर कब्जा नहीं दिलवाया गया है। अत: शीघ्र-अतिशीघ्र उन्हें कब्जा दिलवाया जाये, ताकि वे अपनी आजीविका पुन: प्रारम्भ कर सकें। इस पर ब्लॉक अधिकारी नगर निगम झोन-3 को मामले की जांच करने के निर्देश दिये।
सितारखेड़ी निवासी रामचन्द्र पिता दयाराम ने आवेदन दिया कि गांव के एक अन्य व्यक्ति द्वारा उनके स्वामित्व की भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया गया है तथा उनकी भूमि को जबरन स्वयं की भूमि बतलाया जा रहा है। अत: उन्हें उपरोक्त जमीन पर कब्जा दिलाया जाये। इस पर तहसीलदार उज्जैन ग्रामीण को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
महिदपुर के ग्राम डुंगरखेड़ी निवासी भंवरलाल सोलंकी पिता लक्ष्मण सोलंकी ने आवेदन दिया कि उन्होंने एक अन्य व्यक्ति को उनके स्वामित्व की कृषि भूमि बेची थी। व्यक्ति द्वारा उक्त सौदे के शेष रुपये दिये जाना बाकी है। काफी दिन बित जाने के बावजूद उन्हें न तो व्यक्ति द्वारा पैसे दिये जा रहे हैं न ही जमीन के कागज दिये जा रहे हैं। अत: उक्त सौदा निरस्त कर उन्हें उनकी जमीन पर पुन: कब्जा दिलवाया जाये। इस पर एसडीओ राजस्व महिदपुर को मामले की जांच करने के निर्देश दिये गये।
ग्राम गुढ़ा तहसील घट्टिया निवासी ईश्वर पिता भेरूलाल ने आवेदन दिया कि उनकी भूमि का जो नक्शा बनवाया गया था वह सही है और उसके मान से मौके पर भूमि सही स्थित है, लेकिन कम्प्यूटर रिकार्ड में नक्शा सही नहीं आ रहा है। इस वजह से उनके पड़ौसी कृषक और उनके पुत्र द्वारा प्रार्थी के पिता के साथ मारपीट की गई है और सीमांकन के पत्थर को उखाड़ कर फैंक दिया गया है। इस पर एसडीओ राजस्व घट्टिया को मामले की जांच करने के निर्देश दिये गये हैं।
इसी प्रकार एडीएम एवं अन्य अधिकारियों द्वारा जनसुनवाई में आये विभिन्न मामलों में निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
क्रमांक 3684 अनिकेत/जोशी
0 टिप्पणियाँ