त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन-2022 के अन्तर्गत सेक्टर आफिसर्स का प्रशिक्षण सम्पन्न
उज्जैन 06 जून। सोमवार को विक्रम कीर्ति मन्दिर के ऑडिटोरियम में त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन-2022 के अन्तर्गत मास्टर ट्रेनर्स के द्वारा सेक्टर आफिसर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वीएस दांगी, नोडल अधिकारी प्रशिक्षण सुश्री अंकिता धाकरे, एडीएम श्री संतोष टैगोर और समस्त सेक्टर आफिसर्स मौजूद थे। प्रशिक्षण में सेक्टर आफिसर्स को आगामी पंचायत और नगरीय निकाय के चुनाव के बारे में जानकारी दी गई। बताया गया कि निर्वाचन तीन चरणों में होंगे। इसमें सेक्टर आफिसर्स के दायित्व तथा उनके द्वारा की जाने वाली कार्यवाहियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर डॉ.विजय सुखवानी द्वारा पंचायत निर्वाचन-2022 के तहत सेक्टर आफिसर्स के दायित्व, उनके द्वारा की जाने वाली कार्यवाहियां, मतदान और मतगणना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही जिले में निर्वाचन कार्यक्रम के बारे में बताया गया। उन्होंने कहा कि सेक्टर आफिसर आरओ, मतदान दल और मतदाता के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है। सेक्टर आफिसर्स के पास निर्वाचन प्रबंधन की पूर्ण जिम्मेदारी होती है। निर्वाचन के दौरान अपने अधिकार क्षेत्र में सेक्टर आफिसर्स निर्वाचन प्रबंधन, कानून व्यवस्था, मतदाता जागरूकता और मतदान प्रक्रिया के बारे में पूर्ण जानकारी प्राप्त करें। कम्युनिकेशन प्लान से हमेशा जुड़े रहें। मतदान के पश्चात सेक्टर आफिसर्स रिटर्निंग आफिसर को निर्धारित प्रारूप में मतदान की रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
सेक्टर आफिसर्स का दायित्व बाधारहित निर्वाचन प्रक्रिया को पूर्ण करवाना है। चुनाव निष्पक्ष तटस्थ और शान्तिपूर्वक हो, यह उनका कर्त्तव्य है। प्रशिक्षण के दौरान सेक्टर आफिसर्स को मतदान स्थल, मतदान केन्द्रों का चयन, निर्धारण, भौतिक संसाधन और सुविधाओं को उपलब्ध कराने के बारे में दिशा-निर्देश दिये गये। साथ ही मतदान दिवस के पूर्व की जाने वाली कार्यवाहियों के बारे में बताया गया। प्रशिक्षण के दौरान निर्देश दिये गये कि सेक्टर आफिसर्स मतदान दल को सामग्री से सुरक्षा बल के साथ केन्द्र तक पहुंचायें। अतिरिक्त सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था रखें। उनके सेक्टर के अन्तर्गत मतदाताओं को मतदान के लिये जागरूक करें।
सेक्टर आफिसर्स को विशेष कार्यपालक दण्डाधिकारी की शक्तियां भी प्रदाय की गई हैं। वे अपने सेक्टर के अन्तर्गत आदर्श आचार संहिता का पालन करवाना सुनिश्चित करें। प्रशिक्षण के दौरान सेक्टर अधिकारियों को वल्नरेबलिटी मेपिंग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, मतदान दिवस के दौरान जिम्मेदारियों, मतदान सामग्री, समस्या निवारण, रिपोर्टिंग आदि के बारे में बताया गया। साथ ही मतदान के दौरान उनके सेक्टर में विभिन्न मतदान केन्द्रों पर भ्रमण करने के निर्देश दिये गये।
इसके पश्चात पोलिंग और मतगणना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि प्रत्येक अभिमत को मतदान केन्द्र पर अभिप्रमाणित किया जाये। मतदान के दौरान होने वाली विशिष्ट परिस्थितियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि मतगणना मतदान के पश्चात प्रारम्भ होगी। प्रत्येक पीठासीन अधिकारी नियत मतदान केन्द्र के गणना अधिकारी भी होंगे।
प्रशिक्षण के पश्चात एडीएम श्री संतोष टैगोर ने निर्वाचन के दौरान वाहन प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण का संचालन डॉ.संदीप नाडकर्णी ने किया।
क्रमांक 1547 अनिकेत/जोशी

0 टिप्पणियाँ