Ticker

6/recent/ticker-posts

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.यादव ने नगर वन-2022 का भूमि पूजन किया

 उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.यादव ने नगर वन-2022 का भूमि पूजन किया






 उज्जैन 06 नवम्बर। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन शहर में वायु गुणवत्ता सुधार तथा हरित क्षेत्र में वृद्धि हेतु मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भोपाल द्वारा वित्त पोषित तथा पर्यावरण एवं वन विभाग के संयुक्त निर्देशन में चामुण्डा चौराहा इन्दौर टेक्सटाईल्स परिसर में बनने वाले नगर वन-2022 का भूमि पूजन किया।  


उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने इस अवसर पर कहा कि पर्यावरण का संरक्षण वर्तमान समय में बेहद जरूरी है। कुछ दिन पहले पर्यावरण विभाग द्वारा जारी किये गये आंकड़ों के अनुसार उज्जैन के वातावरण में भी प्रदूषण काफी बढ़ गया था। वृक्ष न सिर्फ प्रदूषण के स्तर को कम करते हैं, बल्कि पर्यावरण में शुद्ध प्राणवायु भी छोड़ते हैं। पर्यावरण में बढ़ता प्रदूषण हम सभी के लिये चिन्ताजनक है। इसीलिये हरेभरे वृक्षों को लगाने तथा वन क्षेत्र को विकसित करने की काफी समय से आवश्यकता थी। नगर पालिक निगम द्वारा उक्त नगर वन को विकसित किया जायेगा। पर्यावरण विभाग द्वारा नगर वन बनाये जाने की परिकल्पना निश्चित रूप से प्रशंसा की पात्र है। मंत्री डॉ.यादव ने कहा कि इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर या अन्य बड़े महाविद्यालयीन परिसर, विक्रम विश्वविद्यालय का परिसर में भी कुछ क्षेत्र में वृक्षारोपण किया जायेगा तथा वन क्षेत्र बनाये जायेंगे। इससे वन विभाग को भी जोड़ा जाये। शहर में जू निर्माण के लिये भी जगह का चिन्हांकन कर विधिवत प्लान बनाया जाये।


उल्लेखनीय है कि इस वन का निर्माण पर्यावरण एवं वन वर्षा जलवायु मंत्रालय द्वारा स्वीकृति हरित क्षेत्र वृद्धि परियोजना के अन्तर्गत निर्मित किया जायेगा।


 इस दौरान महापौर श्री मुकेश टटवाल, नगर पालिक निगम आयुक्त श्री रोशन कुमार सिंह, श्री विवेक जोशी, नेता प्रतिपक्ष श्री रवि राय, पार्षद श्रीमती भारती विजय चौधरी, श्रीमती दुर्गा शक्तिसिंह चौधरी, वन व पर्यावरण विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे। अतिथियों द्वारा इस अवसर पर पौधारोपण भी किया गया।


क्रमांक 2940        अनिकेत/जोशी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ