रोजगार सेतु पोर्टल आरम्भ, जिले में अब तक 9217 श्रमिक पंजीकृत
उज्जैन 15 जून। राज्य शासन द्वारा प्रवासी श्रमिकों को प्रदेश में ही रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोजगार सेतु पोर्टल (rojgarsetu.mp.gov.in) प्रारम्भ किया गया है। इस पोर्टल पर उज्जैन जिले में अब तक 9217 श्रमिक पंजीकृत किये जा चुके हैं। रोजगार सेतु पोर्टल के माध्यम से जिले में स्थित उद्योग, ठेकेदार, प्रतिष्ठान, कृषक जिन्हें श्रमिकों या अर्द्धकुशल श्रमिकों की आवश्यकता हो, वे रोजगार सेतु के माध्यम से पंजीयन कर अपने लॉगइन पासवर्ड से श्रमिकों को नियोजित कर सकते हैं। प्रभारी उप संचालक रोजगार श्री सुनील ललावत ने यह जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अनुसार इसी माह में प्रवासी श्रमिकों के लिये रोजगार मेले का आयोजन किया जायेगा। रोजगार सेतु पोर्टल से सम्बन्धित किसी भी जानकारी के लिये रोजगार कार्यालय 153 महाश्वेता नगर इस्कॉन मन्दिर के सामने कार्यालयीन समय में सम्पर्क किया जा सकता है।

0 टिप्पणियाँ