Ticker

6/recent/ticker-posts

खुशियों की दास्तां" अंबाराम को आयुष्मान योजना से तीसरी बार उपचार मिलेगा, योजना कमजोर वर्ग के लिये वरदान बनी

 "खुशियों की दास्तां" अंबाराम को आयुष्मान योजना से तीसरी बार उपचार मिलेगा, योजना कमजोर वर्ग के लिये वरदान बनी



उज्जैन 23 फरवरी। जनसुनवाई में आज तराना तहसील के ग्राम बरंडवा निवासी अंबाराम पिता चेनाजी ने आवेदन देकर कलेक्टर के समक्ष निवेदन किया कि उन्हें काफी दिनों से पेट में तकलीफ है। डॉक्टर ने जांच के दौरान बताया कि पेट का ऑपरेशन करना होगा। अंबाराम ने कहा कि वे अत्यन्त गरीब हैं तथा ऑपरेशन करवाने में सक्षम नहीं हैं। कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने इस पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आवेदक के प्रकरण में मानवीय दृष्टिकोण रखते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। जानकारी लेने पर ज्ञात हुआ कि अंबाराम आयुष्मान कार्ड होल्डर हैं तथा पूर्व में दो बार वह अपनी बीमारी के लिये ऑपरेशन करवा चुका है। कलेक्टर ने फिर से उक्त व्यक्ति का समुचित उपचार कराने के लिये मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को टी.चोईथराम अस्पताल भेजने के निर्देश दिये। आयुष्मान कार्ड से अब अंबाराम का एक बड़े निजी अस्पताल में उपचार हो सकेगा।


उल्लेखनीय है कि आयुष्मान निरामय योजना कमजोर वर्ग के लोगों के लिये वरदान साबित हो रही है। इस योजना के तहत कार्डधारक एक वर्ष में अपना एवं अपने परिवार का पांच लाख रुपये तक का इलाज किसी भी निजी चिकित्सालय में जाकर करवा सकता है। एक वर्ष पूरा होने के बाद पुन: पांच लाख रुपये तक के इलाज की पात्रता उक्त परिवार को आ जाती है। जिले में अब तक पांच लाख 67 हजार आयुष्मान कार्ड बनाये जा चुके हैं। जिले में वर्तमान में 10 लाख लोग इस योजना के पात्र हैं। जो लोग पात्र हैं और उनके कार्ड नहीं बन पाये हैं वे किसी भी एमपी ऑनलाइन कियोस्क पर जाकर अपने आधार कार्ड व समग्र आईडी से पात्रता की जांच कर कार्ड बनवा सकते हैं।


क्रमांक 0594        अनिकेत/जोशी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ