कलेक्टर द्वारा विभिन्न आवेदनों पर जनसुनवाई की गई
उज्जैन 23 फरवरी। मंगलवार को बृहस्पति भवन में कलेक्टर श्री आशीष एवं अन्य अधिकारियों द्वारा विभिन्न आवेदनों पर जनसुनवाई की गई। बड़नगर के ग्राम इंगोरिया निवासी धर्मेन्द्रसिंह पिता नागूसिंह, भारतसिंह पिता रूपसिंह, सायबबाई पिता रूपसिंह और राजेन्द्रसिंह पिता शंभूसिंह ने आवेदन दिया कि इंगोरिया में स्थित उनकी कृषि भूमि पर आने-जाने के लिये बनाये गये रास्ते को पड़ौस के किसान द्वारा खुदवाकर रोक दिया गया है तथा उस पर अतिक्रमण कर लिया गया है। इस वजह से उन्हें कृषि कार्य करने में बहुत परेशानी हो रही है। अत: उनका रास्ता शीघ्र खुलवाया जाये। कलेक्टर ने इस पर तहसीलदार बड़नगर को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
घट्टिया तहसील के ग्राम रूदाहेड़ा निवासी दिनेश पिता भेरूलाल ने आवेदन दिया कि उन्हें गांव में कृषि भूमि का पट्टा दिलवाया जाये, ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। इस पर तहसीलदार घट्टिया को उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
शहर के नीलगंगा श्रीराम कॉलोनी में रहने वाली कलावती पति शंकरलाल ने आवेदन दिया कि वे बीपीएल हैं और मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उन्होंने नगर निगम में कई बार आवास हेतु आवेदन दिया है, परन्तु आज दिनांक तक उन्हें आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका है। अत: प्रार्थिया को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलवाया जाये। इस पर प्रधानमंत्री आवास शाखा नगर निगम को नियमानुसार कार्यवाही करने के लिये कहा गया।
महिदपुर तहसील के ग्राम सामाकोटा निवासी बद्रीलाल पिता कनीराम ने आवेदन दिया कि कृषि भूमि की ऋण पुस्तिका में उनका नाम त्रुटिवश गलत लिख दिया गया है, जिसकी वजह से उन्हें ऋण एवं अन्य शासकीय सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है, अत: उनका नाम सही करवाया जाये। इस पर एसडीएम महिदपुर को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
बिलोटीपुरा निवासी शैलेन्द्र पिता रमेशचन्द्र ने आवेदन दिया कि हरसिद्धि मन्दिर में दुकानों के लॉटरी सिस्टम से आवंटन के दौरान उन्हें दुकान नम्बर-26 आवंटित की गई थी, परन्तु आज दिनांक तक उन्हें आवंटित दुकान का कब्जा नहीं दिया गया है। आवेदक वर्तमान में बेरोजगार है तथा उन्हें घर चलाने में काफी समस्या हो रही है। इसीलिये शीघ्र-अतिशीघ्र उन्हें दुकान का कब्जा सौंपा जाये। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार कोठी महल को सात दिन की समय-सीमा में प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिये।
इसी प्रकार अन्य मामलों में कलेक्टर द्वारा जनसुनवाई की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।
क्रमांक 0595 अनिकेत/जोशी

0 टिप्पणियाँ