प्रबंध समिति के अन्तर्गत कार्यरत पुजारी/पुरोहित/प्रतिनिधि ही गर्भगृह में प्रवेश करेंगे



उज्जैन 21 मार्च। कलेक्टर एवं अध्यक्ष श्री महाकालेश्वर प्रबंध समिति श्री आशीष सिंह ने आदेश जारी कर गर्भगृह में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी है। जारी आदेश के अनुसार श्री महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति के अन्तर्गत संधारित सूची अनुसार कार्यरत पुजारी/पुरोहित/प्रतिनिधि ही गर्भगृह में प्रवेश कर सकेंगे। इनके अतिरिक्त कोई भी व्यक्ति बगैर प्रशासक अथवा अध्यक्ष श्री महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति की अनुमति के बिना गर्भगृह में प्रवेश नहीं करेगा। गर्भगृह में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के प्रवेश करते पाये जाने पर सम्बन्धित के विरूद्ध मन्दिर अधिनियम के अनुसार कार्यवाही की जायेगी। उल्लेखनीय है कि विगत 9 एवं 10 मार्च को पुजारी परिवार के सदस्य के नाम से कतिपय व्यक्तियों द्वारा गर्भगृह में प्रवेश करने की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान प्राप्त हुई थी।


क्रमांक 0965                                                             एचएस शर्मा/जोशी