जरीना बी को कलेक्टर की पहल पर मिला ब्लैक फंगस का उपचार
उज्जैन 29 मई।जरीना बी पति कासम खान ग्राम खमरिया तहसील खाचरोद को ब्लैक फंगस का इंफेक्शन हो गया। वे उपचार हेतु आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज गई जहां उन्हें ब्लैंक फंगस होना पाया गया। डॉक्टर्स द्वारा बताया गया कि उपचार के लिए उन्हें इंजेक्शन लगेंगे जिन्हें बाजार से खरीद कर उपलब्ध करवाना होंगे ।आर्थिक समस्या के कारण जरीना बी के घर वाले उन्हें वापस अपने गांव ले गए। उनके बेटे शहजाद ने इस संबंध में स्थानीय ग्राम पंचायत के सरपंच , पटवारी व तहसीलदार संपर्क किया तथा बात एसडीएम श्री कुमार पुरषोत्तम तक पहुंची। श्री कुमार पुरुषोत्तम द्वारा तलाश करवाया गया तो जरीना बी का नाम आयुष्मान सूची में पाया गया। तत्काल आयुष्मान कार्ड बनवाया गया एवं कलेक्टर श्री आशीष सिंह को इस संबंध में वस्तु स्थिति से अवगत कराया गया। कलेक्टर ने तुरंत उक्त मरीज को जिला चिकित्सालय के फंगल वार्ड में भेजने के निर्देश दिए तथा मरीज को निशुल्क उपचार के लिए इंजेक्शन व आवश्यकता होने पर ऑपरेशन की सुविधाएं देने के लिए सिविल सर्जन को निर्देशित कर दिया है।

0 टिप्पणियाँ