"खुशियों की दास्तां" गंभीर हृदय रोग से ग्रस्त बालिका वंशिका मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के तहत मिले उपचार से पूर्णत: स्वस्थ हुई
उज्जैन 23 जुलाई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.महावीर खंडेलवाल ने बताया कि उज्जैन की तराना तहसील के ग्राम भटुनी निवासी राकेश पटेल पेशे से मजदूर हैं। उनके परिवार में पत्नी और तीन बालिकाएं हैं। उनकी एक बालिका 11 वर्षीय वंशिका पटेल का शारीरिक विकास सामान्य तौर पर नहीं हो पा रहा था। इस चिन्ता में उन्होंने वंशिका की जब पिछले वर्ष जांच करवाई तो उन्हें पता चला कि वंशिका को हृदय रोग है। इस वजह से वंशिका का शारीरिक विकास अन्य बच्चों की तरह नहीं हो पा रहा था। वंशिका के पिता राकेश पटेल ने बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें सलाह दी कि इस रोग का उपचार इस समय संभव है, बाद में परेशानी होगी।
चिकित्सकों की सलाह पर राकेश अपनी बेटी के इलाज के लिये तैयार हुए। बताया गया कि वंशिका का हार्ट की सर्जरी के बाद वह पूर्ण रूप से स्वस्थ हो सकती है, लेकिन वंशिका के पिता के पास ऑपरेशन के लिये लगने वाली राशि नहीं थी। इन्दौर के राजश्री अपोलो के चिकित्सक ने वंशिका के पिता को मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के बारे में बताया। वंशिका के पिता ने योजना के तहत आरबीएसके में आवेदन दिया और पिछले महीने 26 जून को वंशिका का हार्ट का ऑपरेशन हुआ। वंशिका अब पूर्ण रूप से स्वस्थ है। वंशिका के पिता ने कहा कि यह योजना बहुत अच्छी योजना है। मुख्यमंत्री श्री चौहान गरीब वर्ग के बच्चों के स्वास्थ्य और उनके भविष्य के प्रति बेहद संवेदनशील हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
क्रमांक 2228 अनिकेत/जोशी

0 टिप्पणियाँ