कोविड टीकाकरण अभियान गर्भवती महिलाओं के लिये चलाया जायेगा
उज्जैन 03 अगस्त। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.महावीर खंडेलवाल ने बताया कि राज्य शासन के निर्देश अनुसार गर्भवती महिलाओं को भी कोविड-19 का टीका लगाना प्रारम्भ किया है। कोविड-19 टीकाकरण के पश्चात गर्भवती महिलाओं को अनुकूल व्यवहार जैसे सोशल डिस्टेंसिंग, डबल मास्क लगाना, बार-बार हाथ धोना, भीड़भाड़ वाले इलाकों में न जाना आदि का पालन करना भी अतिआवश्यक है।
कोविड-19 टीकाकरण गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान किसी भी समय लगाया जा सकता है, इसलिये उन्हें ऑनसाइट पंजीयन कराना होगा। टीकाकरण नियमित दिवसों प्रति मंगलवार एवं शुक्रवार को शासकीय स्वास्थ्य संस्था पर संचालित एएनसी क्लिनिक पर किया जायेगा। प्रथम चरण में गर्भवती महिलाओं का कोविड टीकाकरण समस्त शासकीय मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर किया जायेगा। जिन महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान कोविड-19 का संक्रमण हो चुका है, उनका प्रसव के तुरन्त बाद टीकाकरण किया जायेगा। किसी गर्भवती महिला को इंजेक्शन, भोज्य पदार्थों अथवा फार्मास्युटिकल प्रोडक्ट से एलर्जी का इतिहास हो, ऐसी गर्भवती महिलाओं को वेक्सीन नहीं लगाई जायेगी।
क्रमांक 2362 उज्जैनिया/जोशी

0 टिप्पणियाँ