अन्न उत्सव की तैयारी करने के दिये निर्देश, कलेक्टर ने टीएल बैठक ली
उज्जैन 04 अगस्त। कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने आज समय-सीमा के पत्रों की समीक्षा के दौरान आगामी 7 अगस्त को आयोजित होने वाले अन्न उत्सव के बारे में जिले के सभी एसडीएम को पूर्ण तैयारी करने के निर्देश दिये हैं तथा यह सुनिश्चित करने के लिये कहा है कि सभी उचित मूल्य दुकानों में टीवी अथवा लेपटॉप के माध्यम से अन्न उत्सव के कार्यक्रम को देखने की व्यवस्था की जाये। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान राष्ट्रीय खाद्य मिशन के तहत हितग्राहियों को सम्बोधित करेंगे। अन्न उत्सव के माध्यम से प्रत्येक उचित मूल्य दुकान में 100-100 हितग्राहियों को 10 किलो खाद्यान्न बैग में वितरित किया जायेगा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अंकित अस्थाना एवं जिले के सभी एसडीएम व जिला अधिकारी मौजूद थे।
टीएल बैठक में कलेक्टर ने निम्नानुसार दिशा-निर्देश दिये :-
• कोविड अनुकंपा नियुक्ति के जितने भी प्रकरण हैं, उनको गंभीरतापूर्वक निराकृत किया जाये। जिला अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि अनुकंपा नियुक्ति के पात्र व्यक्ति इस योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन करें। मृत कर्मचारी शासकीय तंत्र के ही अंग थे इसलिये उनके परिजनों के प्रति पूर्ण सहानुभूति रखते हुए उन्हें संकट के समय सहायता प्रदान की जाना चाहिये। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिये कि उनके यहां पेंडिंग सात प्रकरण पर तुरन्त कागजी कार्यवाही कर प्रकरण प्रस्तुत किये जायें।
• कलेक्टर ने उप संचालक कृषि को फसल बीमा की सीएम हेल्पलाइन पर पेंडिंग शिकायतों का निराकरण एक सप्ताह में करने के निर्देश दिये हैं। कलेक्टर ने कहा कि एल-3, एल-4 पर शिकायतें अधिक लम्बित नहीं होना चाहिये। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन एक घंटा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण के लिये निकालने को कहा है।
• बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में पौधारोपण के लिये विभिन्न तहसीलों में शासकीय जमीन चिन्हित कर ली गई है। नदी किनारे एवं जलस्त्रोत के निकट की शासकीय भूमि पर व्यापक पैमाने पर पौधारोपण करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिये गये। बैठक में बताया गया कि नागदा तहसील के 19 ग्रामों में, खाचरौद तहसील के 8 ग्रामों में, महिदपुर तहसील के 5 एवं नागदा में मप्र सड़क विकास निगम की भूमि पर व्यापक पैमाने पर पौधारोपण करने की योजना तैयार की गई है।
• कलेक्टर ने वन मण्डलाधिकारी को बड़नगर तहसील के रूनिजा एवं तराना तहसील के माकड़ोन में पौधारोपण करने के लिये कहा है। उन्होंने इसके लिये एसडीएम से समन्वय करने को कहा है।
क्रमांक 2371 एचएस शर्मा/जोशी

0 टिप्पणियाँ