उर्वरकों के विक्रय की व्यवस्था ठीक होना चाहिये, किसानों की अधिक भीड़ न हो, इस हेतु अधिक से अधिक विक्रय केन्द्र चालू करें, मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वीसी के माध्यम से रबी सीजन में रासायनिक उर्वरकों की समीक्षा की
उज्जैन 12 अक्टूबर। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार 12 अक्टूबर को अपराह्न में भोपाल से वीसी के माध्यम से रबी सीजन में रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिये कि जिलों में किसानों को कठिनाईयों का सामना न करना पड़े। इसके लिये विक्रय की व्यवस्था ठीक होना चाहिये। उर्वरक विक्रय केन्द्रों पर किसानों की अधिक भीड़ न हो, इस हेतु जिलों में अधिक से अधिक विक्रय केन्द्र खोले जायें। एनपीके उर्वरक उपयोग करने के लिये जिलों में प्रचार-प्रसार का अभियान चलायें। जिले में प्राप्त होने वाले उर्वरक भण्डारण व्यवस्था इस प्रकार बनाई जाये कि विगत वर्ष में सहकारी समितियों, डबल लॉक केन्द्रों से जितना उर्वरक विक्रय हुआ है, उस अनुसार भण्डारण सुनिश्चित किया जाये।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वीसी के माध्यम से निर्देश दिये कि प्रदेश में खाद की उपलब्धता पर्याप्त है। व्यवस्था बनाना जरूरी है। जिलों में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक न होने पर तुरन्त मांग की पूर्ति की जायेगी। मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टरों को निर्देश दिये कि अपने-अपने जिलों में खाद विक्रय की व्यवस्था ठीक हो, यह सुनिश्चित किया जाये। उपलब्ध स्टॉक के आधार पर वितरण की व्यवस्था की जाये। कहीं भी दिक्कत न आये। खाद की कमी नहीं आने दी जायेगी। उर्वरक के विकल्प के तौर पर अन्य उर्वरक के लिये किसानों को प्रेरित किया जाये। विकल्प का व्यापक प्रचार-प्रसार हो। स्टॉक की मॉनीटरिंग समय-समय पर की जाये। मॉनीटरिंग के लिये कलेक्टर वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की जाये। किसानों में अनावश्यक सन्देह उत्पन्न न हो, इस बात पर भी विशेष ध्यान दिया जाये।
वीसी में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने जिला कलेक्टरों को निर्देश दिये हैं कि वे अपने-अपने जिलों में किसी भी प्रकार से खाद की कालाबाजारी न हो, इसका विशेष ख्याल रखें। कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाये और उन्हें छोड़ा नहीं जाये। खाद वितरण में अफरा-तफरी का माहौल न बने, यह भी सुनिश्चित किया जाये। उर्वरक की कालाबाजारी, अवैध भण्डारण, अवैध परिवहन एवं अवैध निर्माण पर कठोर सम्बन्धित के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाये। वीसी के प्रारम्भ में एसीएस श्री अजीत केसरी ने प्रदेश में रबी सीजन वर्ष 2021-22 में उर्वरकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उज्जैन संभाग के जिलों में डीएपी 20055 मै.टन शेष है। इसी तरह एनपीके संभाग में 30333 मै.टन उपलब्ध है। वहीं यूरिया संभाग में 38662 मै.टन उपलब्ध है। वीसी में उज्जैन संभागायुक्त श्री संदीप यादव, आईजी श्री संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर श्री आशीष सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री सत्येन्द्र कुमार शुक्ल, मार्कफेड के झोनल मैनेजर श्री विवेक तिवारी, संयुक्त आयुक्त सहकारिता श्री बीएल मकवाना, सहकारिता विभाग के डिप्टी रजिस्ट्रार श्री गुप्ता, कॉपरेटिव बैंक के सीईओ श्री विशेष श्रीवस्तव, कृषि विभाग के सहायक संचालक श्री गुप्ता उपस्थित थे।
क्रमांक 3124 उज्जैनिया/जोशी
0 टिप्पणियाँ