नापतौल विभाग द्वारा 4 संस्थानों के विरूद्ध प्रकरण दर्ज
उज्जैन 12 अक्टूबर। विधिक माप विज्ञान नापतौल के निरीक्षक द्वारा जानकारी दी गई कि कलेक्टर श्री आशीष सिंह के निर्देश अनुसार और केन्द्रीयकृत निरीक्षण व्यवस्था के अन्तर्गत नापतौल विभाग की टीम के द्वारा चार विभिन्न संस्थानों के विरूद्ध अभियोजन प्रकरण पंजीबद्ध किये गये।
केन्द्रीयकृत निरीक्षण व्यवस्था के अन्तर्गत मोजमखेड़ी भैरवगढ़ स्थित मालवा एग्रो सर्विसेस के इलेक्ट्रॉनिक तौलकांटे का निरीक्षण किया गया। तौलकांटा सत्यापन प्रमाण-पत्र द्वारा सत्यापित एवं मुद्रांकित पाया गया, परन्तु नियमानुसार आवश्यक एक टन के सत्यापित/मुद्रांकित बांट संस्थान पर उपलब्ध नहीं पाये जाने पर मप्र विधिक माप विज्ञान नियम-2011 के प्रावधानों का उल्लंघन होने से प्रकरण दर्ज किया गया। इसके अलावा विभाग की टीम द्वारा बड़नगर में विभिन्न संस्थानों की जांच की गई, जिसमें हरिकृपा किराना, बुरहानी किराना और बाबजी हार्डवेयर पर तौलकांटे सत्यापित/मुद्रांकित नहीं पाये जाने पर विधिक माप विज्ञान अधिनियम-2009 के प्रावधानों का उल्लंघन होने से तौलकांटे जप्त कर प्रकरण पंजीबद्ध किये गये।
क्रमांक 3123 अनिकेत/जोशी
0 टिप्पणियाँ