10 नवम्बर को टीकाकरण के दूसरे डोज के लिये महाअभियान, राज्य शासन द्वारा 56 हजार 900 टीके लगाने का लक्ष्य दिया गया
उज्जैन 09 नवम्बर। उज्जैन जिले में टीकाकरण के दूसरे डोज के लिये 10 नवम्बर को महाअभियान चलाया जायेगा। जिलेभर में 500 से अधिक सेन्टर बनाये गये हैं। उज्जैन शहर में 120 सेन्टर टीकाकरण के लिये स्थापित किये गये हैं। कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने टीकाकरण अभियान में निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिये अधीनस्थ अमले को सक्रिय करने एवं निरन्तर मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया है कि आगामी पांच टीकाकरण दिवसों में आज दिनांक तक की सेकंड डोज की पेंडेंसी को समाप्त किया जाये। जिले में सभी टीकाकरण केन्द्रों पर सुबह 9 बजे से टीके लगाये जायेंगे। जिले में दोनों ही तरह के कोविशिल्ड एवं कोवेक्सीन के टीके पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। कलेक्टर ने सेकंड डोज के लिये पात्र हुए सभी नागरिकों से आव्हान किया है कि वे सेकंड डोज निर्धारित समय पर लगवायें। पहला डोज लगवाने के बाद निश्चिंत होकर घर न बैठें। पहला डोज लगवाने का फायदा तभी मिलता है जब टीके का सेकंड डोज समय पर लग जाये। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री अंशुल गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ सुश्री अंकिता धाकरे, सीएमएचओ डॉ.संजय शर्मा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.केसी परमार, एसडीएम श्रीमती कल्याणी पाण्डेय, महिला बाल विकास अधिकारी श्री गौतम अधिकारी, अपर आयुक्त नगर निगम श्री मनोज पाठक एवं नगर निगम के अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर ने उज्जैन नगरीय क्षेत्र में झोनवार टीकाकरण की समीक्षा की तथा निर्देश दिये कि शहरी क्षेत्र में 10 नवम्बर को कम से कम 15 हजार व्यक्तियों को सेकंड डोज लगना चाहिये। बैठक में जानकारी दी गई कि नगरीय क्षेत्र में प्रत्येक झोन से ड्यू व्यक्तियों को कॉलिंग की जायेगी एवं उन्हें सेन्टर पर लाकर टीकाकरण के लिये प्रेरित किया जायेगा। बैठक में नगर निगम के झोन प्रभारियों ने बताया कि आज की स्थिति में झोन-1 में 10739 झोन-2 में 12675, झोन-3 में 9317, झोन-4 में 8600, झोन-5 में 10900, झोन-6 में 8600 व्यक्ति सेकंड डोज के लिये पात्र हो गये हैं और इन्होंने अभी टीकाकरण नहीं कराया है। इसके अलावा ऐसे लगभग 10 हजार व्यक्ति जिन्होंने मोबाइल टीकाकरण टीम से टीका लगवाया था, वे भी सेकंड डोज के पात्र हो गये हैं। कलेक्टर ने उक्त सभी पात्र व्यक्तियों को उक्त पांच टीकाकरण दिवसों में टीका लगवाने के निर्देश दिये हैं।
क्रमांक 3465 एचएस शर्मा/जोशी
0 टिप्पणियाँ