कलेक्टर द्वारा विभिन्न आवेदनों पर जनसुनवाई की गई
उज्जैन 09 नवम्बर। मंगलवार को कलेक्टर श्री आशीष सिंह द्वारा बृहस्पति भवन में विभिन्न आवेदनों पर जनसुनवाई करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिये गये।
आर्य समाज मार्ग निवासी स्वयंसेवी संस्था ने आवेदन देकर शिकायत की कि शहर में विभिन्न वार्ड, मोहल्ले और कॉलोनियों में युवा वर्ग में बढ़ रहे अपराध जैसे चेन स्नेचिंग, कारों के कांच तोड़ना, निर्माणाधीन मकानों में चोरी करना आदि पर प्रभावी कार्यवाही की जाये। इस पर प्रभारी अधिकारी राहत शाखा को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
तराना के माकड़ोन निवासी श्रीमती वर्षा जायसवाल पति विशाल जायसवाल ने आवेदन दिया कि उन्हें मुख्यमंत्री कोविड-19 जनकल्याण योजना के तहत शासन की ओर से सहायता उपलब्ध करवाई जाये। इस पर सम्बन्धित विभाग के अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के लिये कहा गया।
मिल्कीपुरा निवासी नावेद खान पिता मकसूद खान ने आवेदन दिया कि उनके जाति प्रमाण-पत्र बनवाने में काफी समस्या आ रही है, जिस कारण उन्हें कॉलेज में एडमिशन लेने में दिक्कत हो रही है। अत: उनका जाति प्रमाण-पत्र बनवाया जाये। इस पर कलेक्टर कार्यालय की स्थापना शाखा को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
त्रिवेणी विहार निवासी रेखा पाण्डे पति स्व.प्रदीप कुमार पाण्डेय ने आवेदन दिया कि त्रिवेणी विहार मालनवासा स्थित उनके घर के गेट के पास स्थानीय व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर बोरवेल का उपयोग किया जा रहा है। बोरवेल के उपयोग के कारण बिजली के तार भी जगह-जगह बिखरे हुए हैं, जिस वजह से उनके परिवार के सदस्यों को करंट लगने का खतरा हमेशा बना रहता है। अत: उक्त अतिक्रमण हटवाया जाये। इस पर एसडीएम कोठी महल को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
फव्वारा चौक निवासी जितेन्द्र पाण्डेय पिता माधवराव पाण्डेय ने आवेदन दिया कि उन्होंने दुर्गा नगर कॉलोनी आगर रोड पर एक ब्रोकर के माध्यम से भूखण्ड खरीदा था। ब्रोकर को एडवांस राशि भी चेक के माध्यम से कर दी थी। शेष राशि का भुगतान रजिस्ट्री के समय करना तय किया गया था। बीते कुछ माह से ब्रोकर द्वारा उन्हें भूखण्ड के विक्रय में टालमटोल किया जा रहा है तथा एडवांस राशि भी नहीं लौटाई जा रही है। इस पर एसडीओ राजस्व उज्जैन को मामले की जांच करने के निर्देश दिये गये।
विष्णुपुरा निवासी कमलेश पिता बाबूलाल ने आवेदन दिया कि उन्होंने सिंधिया स्कूल के पास स्थित सावन भादवा बिजासन माता मन्दिर में रंग-रोगन का कार्य ठेके पर लिया था, परन्तु आज दिनांक तक उन्हें कार्य की सम्पूर्ण राशि का भुगतान नहीं किया गया है। इस पर तहसीलदार उज्जैन नगर को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
बड़नगर के ग्राम असावदा निवासी भेरूलाल पिता गिरधारीलाल ने आवेदन दिया कि उनके स्वामित्व की कृषि भूमि में लगी फसल को स्थानीय लोगों द्वारा आपसी दुश्मनी के कारण नष्ट कर दिया गया है। इस पर एसडीओ राजस्व बड़नगर को थाना प्रभारी के माध्यम से प्रार्थी को राहत राशि दिलवाने के निर्देश दिये गये। इसी प्रकार अन्य मामलों में जनसुनवाई की गई।
क्रमांक 3462 अनिकेत/जोशी
0 टिप्पणियाँ