Ticker

6/recent/ticker-posts

मंत्री डॉ.यादव महाकालेश्वर से बोरेश्वर महादेव वाहन यात्रा में शामिल हुए

 मंत्री डॉ.यादव महाकालेश्वर से बोरेश्वर महादेव वाहन यात्रा में शामिल हुए







उज्जैन 28 फरवरी। सोमवार को प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव महाकालेश्वर से बोरेश्वर महादेव मन्दिर वाहन यात्रा में शामिल हुए। यह यात्रा हरसिद्धि की पाल से बड़नगर रोड स्थित इंगोरिया से लगभग छह किलो मीटर दूर स्थित बोरेश्वर महादेव मन्दिर तक निकाली गई। इस दौरान सर्वश्री विवेक जोशी, जगदीश अग्रवाल, राजेश कुशवाह, जगदीश पांचाल, रमेश वर्मा, करणसिंह पटेल, दीपक चौधरी, रवि वर्मा, एलकारसिंह उमठ, सुरेन्द्र यादव, शैलेन्द्र यादव, अन्य गणमान्य नागरिक तथा श्रद्धालुगण मौजूद थे।


मंत्री डॉ.यादव ने वाहन यात्रा प्रारम्भ होने के पहले कहा कि उज्जैन हमारी सांस्कृतिक चेतना का केन्द्र है। चेतना का संचार हमेशा बना रहना चाहिये। उज्जैन का विकास निरन्तर सरकार द्वारा किया जा रहा है। आने वाले समय में इस तरह के और भी आयोजन किये जायेंगे। बोरेश्वर महादेव का मन्दिर लगभग चार हजार वर्ष पुराना है। इसका ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व है। पहले भी हर वर्ष महाशिवरात्रि पर बोरेश्वर महादेव की यात्रा आयोजित की जाती थी। इस तरह के धार्मिक आयोजन से निश्चित रूप से उज्जैन का सांस्कृतिक विकास होगा। मंत्री डॉ.यादव ने कहा कि बोरेश्वर महादेव पर अर्पित करने के लिये शिप्रा नदी का जल कलश में भरकर ले जाया जा रहा है।


श्री विवेक जोशी ने इस अवसर पर कहा कि उज्जैन की सांस्कृतिक विरासतों को जन-जन में प्रसारित करने का कार्य सरकार और मंत्री डॉ.यादव द्वारा किया जा रहा है। श्री जोशी ने अच्छे आयोजन के लिये सबको शुभकामनाएं दी।


श्री जगदीश अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि उज्जैन में इस तरह के आयोजन से यहां धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। सरकार के विशेष प्रयासों से उज्जैन का चहुंओर विकास हो रहा है। मंगलवार एक मार्च को महाशिवरात्रि पर्व पर उज्जैन में दीपोत्सव का विश्व रिकार्ड बनाया जायेगा। श्री अग्रवाल ने इस हेतु सभी को बधाई दी।


हरसिद्धि की पाल से यात्रा प्रारम्भ होते हुए बड़ा पुल, मुल्लापुरा होते हुए इंगोरिया से होकर बोरेश्वर महादेव मन्दिर पहुंची। वाहन यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। बोरेश्वर महादेव मन्दिर पहुंचने के पश्चात मंत्री डॉ.यादव ने बोरेश्वर महादेव का जलाभिषेक और पूजन-अर्चन किया।


क्रमांक 0568               अनिकेत/जोशी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ