पीटीएस में जन-सहयोग से लगाये गये ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट का शुभारम्भ
उज्जैन 25 मई। मंगलवार को मक्सी रोड स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में बनाये गये विक्रमादित्य कोविड केयर सेन्टर हेतु जन-सहयोग से लगाये गये ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अशोक सोहनी थे। साथ ही उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव, सांसद श्री अनिल फिरोजिया और विधायक श्री पारस जैन बतौर विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शामिल हुए।
अतिथियों द्वारा ऑक्सीजन प्लांट का पूजन-अर्चन कर उसे प्रारम्भ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अशोक सोहनी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान में काम करने का समय है। सभी ने मिलकर अच्छा कार्य किया है। पीटीएस में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने वाली टीम के सभी सदस्य धन्यवाद के पात्र हैं। जब समाज जागृत होता है तो बड़ी से बड़ी विपत्ति का नाश तुरन्त हो जाता है। कोविड आपदा में पूरे विश्व को प्रभावित किया है। जब हम प्रकृति के ऊपर आक्रमण करते हैं तब विभिन्न प्रकार की आपदाएं आती हैं। हम जितने प्रकृति से दूर होते जायेंगे, उतना हमारा नुकसान होगा। विज्ञान का प्रयोग जनहित में किया जाना चाहिये।
समाज ने यदि ठान लिया तो किसी भी विपत्ति से निपटने में हम सफल हो सकेंगे। दूसरों का कल्याण करना हमारे संस्कार हैं। नरसेवा ही नारायणसेवा है। यह सोचकर यदि हम कार्य करेंगे तो विपत्ति से पार पा लेंगे।
सेवा भारती के अध्यक्ष श्री रवि सोलंकी ने बताया कि उज्जैन सिटीजन फोरम वर्क फॉर कोविड रिस्पाँस और सेवा भारती के संयुक्त तत्वावधान में प्लांट स्थापित किया गया है। प्लांट की लागत तकरीबन 56 लाख रुपये है।
श्री अनिल लिका ने प्लांट की तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि यह अत्याधुनिक आईएसए टेक्नालॉजी से बना है। इस प्लांट में 30 हजार लीटर प्रतिघंटे के मान से ऑक्सीजन उत्पादन होगा। इस प्लांट में हाईफ्लो ऑक्सीजन का प्रावधान भी है। साथ ही ऑक्सीजन एनालाइजर भी लगा है जो ऑक्सीजन की शुद्धता के प्रतिशत के बारे में बताता है।
कार्यक्रम का संचालन श्री वरूण गुप्ता और आभार श्री गोपाल माहेश्वरी ने व्यक्त किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.महावीर खंडेलवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री गौतम अधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
क्रमांक 1619 अनिकेत/जोशी





0 टिप्पणियाँ