लाड़ली लक्ष्मी को जीवन के हर क्षेत्र में सफल होते हुए देखना चाहता हूं-मुख्यमंत्री श्री चौहान, मुख्यमंत्री ने लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों से वार्तालाप किया
उज्जैन 27 जुलाई। मंगलवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रालय भोपाल से लाड़लीलक्ष्मी योजना के तहत लाभान्वित बालिकाओं से वार्तालाप किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के कुछ जिलों की बालिकाओं से चर्चा की। इस दौरान उज्जैन से बृहस्पति भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री गौतम अधिकारी, जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी श्री एसए सिद्धिकी, अन्य अधिकारीगण तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना से लाभान्वित हुई बालिकाएं व उनके माता-पिता भी वीसी के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने योजना के तहत प्रदेश की बालिकाओं को सिंगल क्लिक के माध्यम से छात्रवृत्ति भी वितरित की। साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत नवजात बालिकाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किये गये। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कुछ जिलों की बालिकाओं से चर्चा की। उन्होंने उनसे पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहती हैं। जो भी लक्ष्य वे हासिल करना चाहती हैं, उसके लिये बुलन्द हौसले रखें तथा एक रोडमैप बनाकर कार्य करें। मध्य प्रदेश सरकार हमेशा उनके साथ है। बालिकाओं की उच्च शिक्षा के लिये सरकार द्वारा योजना बनाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना उनकी अन्तरआत्मा से निकली हुई योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समय काफी बदल गया है। आजकल बेटे और बेटी में कोई अन्तर नहीं किया जाता है। बेटियां अब वरदान समझी जाने लगी हैं। सन 2006 में लाड़ली लक्ष्मी योजना प्रारम्भ की गई, ताकि बेटियों को बोझ न समझा जाये। योजना के तहत जन्म होने के बाद बिटिया को प्रमाण-पत्र दिया जाता है तथा उनकी पढ़ाई के लिये प्रोत्साहन राशि दी जाती है। 2006 में जन्मीं बेटियां आज बड़ी हो गई हैं। जब वे बोलती हैं कि भविष्य में वे पढ़ाई कर डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस, आईपीएस बनना चाहती हैं तो लगता है कि यह योजना सफल हो गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी बेटियां खूब मेहनत करके पढ़ाई करें और आगे बढ़ें। अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रयोग करें, सफल बनें, लक्ष्य तय करें तथा लक्ष्य को प्राप्त करने के लिये अनुशासित जीवन जियें। जो भी कार्य करें खूब मन लगाकर करें। आज देश में बेटियां हर क्षेत्र में सफलता के झंडे गाड़ रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं लाड़ली लक्ष्मी को जीवन के हर क्षेत्र में सफल होते देखना चाहता हूं। बेटियों के माता-पिता उन्हें खूब लाड़-प्यार करें तथा खूब पढ़ायें-लिखायें। उनकी शिक्षा-दीक्षा में सरकार कोई कमी नहीं छोड़ेगी।
कार्यक्रम के समापन पर बृहस्पति भवन में चार नवजात बालिकाओं प्रियल मीणा माता श्रीमती खुशबू मीणा, मिस्का माता श्रीमती प्रेरणा, स्वस्तिका माता श्रीमती साक्षी और मायरा माता श्रीमती प्रीति को लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत प्रमाण-पत्र वितरित किये गये।
क्रमांक 2269 अनिकेत/जोशी




0 टिप्पणियाँ